Ambedkarnagar News: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां लखनऊ पुलिस मुख्यालय में तैनात IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 91 वर्षीया मां इंद्रावती देवी का शव उनके गांव रुधा धमरुआ में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। अंबेडकरनगर की पुलिस अधीक्षक (SP) प्राची सिंह ने इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि घटना की निष्पक्ष और गहन जांच जारी है। इसके लिए पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं।
अंबेडकरनगर मर्डर केस
SP ने बताया कि घटना स्थल की जांच के दौरान तुलसी की माला और कील नुमा पीली धातु जैसी कुछ चीजें मिली थीं, जिन्हें कानूनी प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। हालांकि, अधिकांश सोने-चांदी के जेवरात अभी बरामद नहीं हो सके हैं। मौत की सटीक वजह का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी की निगरानी में कराया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: धान के खेत में गड़े थे AK-56 और M4 राइफलें! मणिपुर में मिला हथियारों का बड़ा जखीरा, उड़े सुरक्षा बलों के होश
पूरी निष्पक्षता से की जा रही घटना की जांच
हालांकि, शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इसके चलते डॉक्टरों ने बिसरा सुरक्षित कर लिया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेजा गया है। अंबेडकरनगर पुलिस इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि जांच पूरी निष्पक्षता से की जा रही है और जल्द ही इस घटना से पर्दा उठाकर आरोपियों को कानून के कटघरे में लाया जाएगा।
अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट और हत्या का मामला दर्ज
रविवार सुबह जब घर की देखभाल करने वाली नौकरानी पहुंची, तब घटना की जानकारी हुई। बुजुर्ग महिला के शरीर से उनके रोज पहने जाने वाले सोने-चांदी के आभूषण गायब थे, जिससे लूटपाट और हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर IPS आशुतोष मिश्रा तुरंत लखनऊ से गांव पहुंचे। उनकी तहरीर पर मालीपुर थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट और हत्या का मामला दर्ज किया गया है। फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से साक्ष्य जुटाए।
