Monsoon Update: अगले कुछ दिनों में महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में मूसलाधार बारिश होने वाली है। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिणी राज्यों में मानसूनी बारिश से गर्मी और हीटवेव से राहत मिली है। साथ ही अब मानसून आगे बढ़ रहा है, जिसका असर महाराष्ट्र और इससे सटे हुए राज्यों में दिखेगा। आईएमडी ने बताया कि अगले पांच दिनों तक महाराष्ट्र और कर्नाटक में भारी से अधिक भारी वर्षा होगी।
फाइल फोटो।
इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
हालांकि, कुछ राज्यों के लिए जहां राहत की खबर है। वहीं, कुछ राज्यों में फिर से हीटवेव का नया दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने बताया कि कुछ राज्यों में मानसूनी वर्षा के बीच उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में नौ जून से अगले पांच दिनों तक हीटवेव का नया दौर शुरू होने वाला है। यानी कि इन राज्यों को अभी हीटवेव की और ज्यादा मार झेलनी है।
कहां तक पहुंचा मानसून?
आईएमडी ने साउथवेस्ट मानसून पर अपडेट देते हुए बताया कि आज यानी कि शनिवार को साउथवेस्ट मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, दक्षिणी छत्तीसगढ़, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में दस्तक दे चुका है। यही वजह है कि अगले कुछ दिनों तक महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों में मूसलाधार बारिश होने वाली है।
नॉर्थ ईस्ट में मूसलाधार बारिश
इधर, नॉर्थ ईस्ट राज्यों की बात करें तो फिलहाल बारिश से राहत नहीं मिलने वाली है। आईएमडी ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल के कुछ इलाके और सिक्किम में आगामी एक सप्ताह तक बारिश होने वाली है। साथ ही कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कर्नाटक, केरल, माहे, लक्षद्वीप, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी अगले पांच दिनों तक तेज बारिश होने की संभावना है।
बिहार-झारखंड में कैसा रहेगा मौसम?
इसके साथ ही बिहार, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल ओडिशा और एमपी के लिए भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। आईएमडी ने बताया कि इन राज्यों में हल्की से मध्यम से बारिश हो सकती है। वहीं, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में शनिवार और रविवार के लिए बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इससे पहले राजस्थान में नौ जून को धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है।
