Mandi Flood: हिमाचल प्रदेश में सोमवार रात हुई भारी बारिश ने कई जगहों पर तबाही मचा दी है। इसका सबसे अधिक असर मंडी जिले के धर्मपुर पर देखने को मिला। यहां बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। सोन खड्ड नदी में उफान आने के कारण धर्मपुर बस स्टैंड और बाजार को भारी नुकसान हुआ। बस स्टैंड में खड़ी कई सरकारी बसें डूबी हुई दिखाई दे रही हैं। वहीं कई गाड़ियां पानी के तेज बहाव में बह गईं। लेकिन गनीमत यह रही कि अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर सामने नहीं आई है।
मंडी में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
घरों और दुकानों में पानी घुसा
बाढ़ का पानी बस स्टैंड में घुस गया, जिससे बसें और अन्य वाहन पानी में डूबे हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा, लोगों के घरों और दुकानों में भी पानी और मलबा घुस गया है। यह स्थिति धर्मपुर के निवासियों के लिए एक बड़ी मुसीबत बन गई है। लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
जान-माल का नुकसान और राहत कार्य
सोन खड्ड नदी के तेज बहाव में कई वाहन तो बहे ही बहे, लेकिन तेज बहाव के कारण बस स्टैंड और बाजार का बुनियादी ढांचा भी क्षतिग्रस्त हो गया है। अच्छी बात यह है कि अभी तक किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। बता दें कि सुबह होते-होते पानी का स्तर कम होने लगा है। इससे नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा और राहत कार्य भी शुरू किया जा पाएगा।
