Himachal News: मंडी के लारजी बांध से ब्यास नदी में छोड़ा जा रहा पानी, बिजली उत्पादन थमा; अगले 24 घंटे के लिए प्रशासन का अलर्ट

Himachal News: मंडी जिले में 126 मेगावाट की लारजी जलविद्युत परियोजना के बांध की प्री-मानसून फ्लशिंग शुरू हो गई है। ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ने की चेतावनी जारी हुई है और बिजली उत्पादन रोका गया है।

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में स्थित 126 मेगावाट की लारजी जलविद्युत परियोजना (Larji Hydel Project) में रविवार सुबह 6 बजे से प्री-मानसून फ्लशिंग का काम शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, गाद (सिल्ट) निकालने का यह अभियान सोमवार सुबह तक जारी रहेगा। इस प्रक्रिया के दौरान बांध में जमा हुई गाद को ब्यास नदी में बहाया जा रहा है, जिसके चलते नदी के निचले इलाकों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ने की संभावना है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर ब्यास नदी के तटीय क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया है।

Electricity HPSEB Larji Dam news

24 घंटे ठप रहेगा विद्युत उत्पादन (सांकेतिक चित्र | Canva)

सभी 5 गेटों को नियंत्रित तरीके से खोला गया

हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड (HPSEB) के सराबई सर्कल के अधीक्षण अभियंता नरिंदर ठाकुर ने बताया कि रविवार तड़के से ही प्री-मानसून फ्लशिंग का काम बेहद सतर्कता के साथ शुरू किया गया है। बांध में जमा सिल्ट को साफ करने के लिए लारजी डैम के सभी पांचों गेटों को नियंत्रित तरीके से खोल दिया गया है। इस दौरान पानी को पावर हाउस के अंदर जाने से पूरी तरह रोक दिया गया है, जिसके कारण बिजली का उत्पादन अस्थाई रूप से ठप रहेगा। पावर हाउस को दोबारा पूरी क्षमता से चालू करने और बिजली उत्पादन बहाल करने में करीब 24 घंटे का समय लगेगा।

End of Feed