शहर

हिमाचल में आसमान से बरस रही आफत, मानसून में अब तक 31 बार फटे बादल; फ्लैश फ्लड में बहे कई पुल

हिमाचल प्रदेश में आसमान से आफत बरस रही है। प्रदेश में मानसून के दौरान अब तक 31 बार बादल फटने की घटनाएं हो चुकी हैं और 57 बार लैंडस्लाइड हुई है। बुधवार शाम को भी पांच जगहों पर बादल फटने के कारण अचानक बाढ़ आ गई। जिसने भारी नुकसान पहुंचाया। इसके कारण लाहौल स्पीति के दो पुल भी बह गए। हालांकि इस दौरान जानमाल की हानि की कोई सूचना नहीं है।

Image

हिमाचल में मौसम मचा रहा तबाही - फाइल फोटो (PTI)

Photo : PTI

हिमाचल प्रदेश में बादल फटने और अचानक बाढ़ आने की ताजा घटनाओं के बाद शिमला और लाहौल एवं स्पीति जिलों में कई पुल बह गए जबकि दो राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 300 से अधिक सड़कें यातायात के लिए बंद करनी पड़ी है। अधिकारियों ने बताया कि गानवी घाटी में ताजा बाढ़ में एक पुलिस चौकी बह गई, जबकि शिमला जिले में भारी बारिश के बाद एक बस स्टैंड और आसपास की दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। उन्होंने बताया कि इन घटनाओं में दो पुल बह गए, जिससे जिले की कूट और क्याव पंचायतों का संपर्क कट गया है। हालांकि अबतक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में इस साल मानसून के दौरान अब तक 63 अचानक बाढ़ की घटनाएं, 31 बादल फटने और 57 बड़े भूस्खलन हुए हैं।

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि जनजातीय लाहौल और स्पीति जिले की मयाड घाटी के करपट, चांगुत और उदगोस नाला में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ के कारण दो और पुल बह गए। उन्होंने बताया कि करपट गांव पर खतरा होने के मद्देनजर वहां के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है। स्थानीय निवासी रंजीत लाहौली ने बताया कि करीब दस बीघा कृषि भूमि पूरी तरह से बर्बाद हो गई है और जिला प्रशासन राहत कार्य कर रहा है। कुल्लू ज़िले के कुर्पन खड्ड (जाओं) में भी बाढ़ की खबर है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों को कुर्पन खड्ड और बागीपुल-निरमंड के आसपास के इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।

बारिश के कारण हिमाचल की 325 सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश में बारिश के कारण दो राष्ट्रीय राजमार्गों सहित कुल 325 सड़कें यातायात के लिए बंद करनी पड़ी है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के मुताबिक बुधवार सुबह वाहनों की आवाजाही के लिए बंद की गई सड़कों में औट-सैंज सड़क, जो राष्ट्रीय राजमार्ग-305 का हिस्सा है, और खाब से ग्रामफू (राष्ट्रीय राजमार्ग-505) तक की सड़क भी शामिल है। उसने बताया कि बंद की गई सड़कों में से 179 सड़कें मंडी जिले में और 71 निकटवर्ती कुल्लू जिले की हैं।

हिमाचल में अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार की सुबह टॉलैंड के निकट सर्कुलर (कार्ट रोड) पर एक पेड़ गिर जाने के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों और बस के जरिये कार्यालय जाने वाले लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा और उन्हें अपने गंतव्य तक पैदल ही जाना पड़ा। स्थानीय मौसम विभाग ने राज्य में शुक्रवार से रविवार तक के लिए चार से छह जिलों के अलग-अलग क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

हिमाचल में कहां-कितनी हुई बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक बलद्वाड़ा में 31 मिमी बारिश हुई, इसके बाद कसौली में 23 मिमी, नैनी देवी में 18.2 मिमी, सराहन में 15 मिमी, बग्गी में 14.6 मिमी, करसोग में 13.2 मिमी, बजौरा में 10.5 मिमी और जोत में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि 20 जून को मानसून की शुरुआत के बाद से अब तक राज्य को 2031 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में 126 लोगों की जान गई है जबकि 36 अब भी लापता हैं।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article