Gwalior Accident: बीती रात ग्वालियर के थाटीपुर इलाके में एक ऐसी रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। शुक्रवार तड़के के करीब 3 बजे, जब शहर गहरी नींद में था, तब शीतला माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहा एक परिवार हादसे का शिकार हो गया। थाटीपुर जैन मंदिर के पास एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने उनके ऑटो को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि तबाही मच गई।
ग्वालियर में शुक्रवार तड़के हुए हादसा
4 लोगों की मौत, चालक गिरफ्तार
इस भीषण सड़क दुर्घटना में परिवार के 4 सदस्यों की दुखद मृत्यु हो गई है, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। CSP अतुल कुमार सोनी के मुताबिक, स्कॉर्पियो चालक पहले बस स्टैंड के पास किसी दूसरी गाड़ी को टक्कर मारकर भाग रहा था। पकड़े जाने के डर से उसने गाड़ी की रफ़्तार बढ़ा दी और जैन मंदिर के पास सड़क किनारे जा रहे ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
छिंदवाड़ा में भी हुआ था हादसा
बता दें कि मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार को एक और गंभीर सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बस और पिकअप वाहन के आमने-सामने टकराने से 10 लोगों की जान चली गई और 31 लोग घायल हो गए। जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर, नागपुर रोड पर सिमरिया के पास कल शाम के समय हुई। जानकारी के अनुसार, बस एक सार्वजनिक कार्यक्रम से लौट रही थी। बताया जा रहा है कि, इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हुए थे। हादसे में छह पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चे की मौत हो गई है। इस भीषण सड़क हादसे पर शोक जताते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट कर दुख जताया और मुआवजे का ऐलान किया। छिंदवाड़ा में हुए हादसे में मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि और गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है।
