Haryana News: हरियाणा के गुरुग्राम में दिल्ली से अवैध रूप से प्लास्टिक और अन्य कचरा लाकर फेंकने वाले माफिया पर पुलिस ने जोरदार कार्रवाई की है। पुलिस (Gurugram Police) ने अलग-अलग थानों में चार मुकदमे दर्ज करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी कार्रवाई हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (CM Nayab Saini) के उस सख्त निर्देश के बाद सामने आई है, जिसमें उन्होंने स्पष्ट कहा था कि गुरुग्राम को किसी भी कीमत पर 'दिल्ली का कूड़ाघर' नहीं बनने दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद गुरुग्राम में कचरा डालने के मामले में 10 लोग गिरफ्तार (फोटो: iStock/ANI)
मुख्यमंत्री के आदेश मिलते ही गुरुग्राम पुलिस हरकत में आई और शहर के सीमावर्ती तथा संवेदनशील इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीमों ने बजघेड़ा थाने में दो, जबकि उद्योग विहार और राजेंद्र पार्क थाने में एक-एक मामला दर्ज किया। छापेमारी और नाकाबंदी के दौरान अवैध रूप से कचरा ढोने में लगे 7 वाहनों को भी जब्त किया गया, जिनमें कैंटर और ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: Mumbai News: स्टील पाइप के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे पांच करोड़ का गांजा, NCB ने नागपुर में तीन तस्करों को ऐसे दबोचा
एक संगठित नेटवर्क के जरिए कर रहे थे काम
पुलिस की शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ है कि पकड़े गए आरोपी दिल्ली से जुड़े एक संगठित नेटवर्क के जरिए काम कर रहे थे। वे रात और तड़के के समय दिल्ली के विभिन्न हिस्सों से प्लास्टिक, औद्योगिक अपशिष्ट और भारी कचरा गाड़ियों में भरकर गुरुग्राम की खाली जमीनों पर ठिकाने लगा रहे थे।
बॉर्डर इलाकों पर बढ़ी निगरानी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर की स्वच्छता और पर्यावरण के साथ खिलवाड़ करने वाले ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। बॉर्डर इलाकों पर निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि दिल्ली से आने वाली संदिग्ध गाड़ियों की गहन जांच की जा सके और भविष्य में ऐसी अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।
