गुरुग्राम: आग बुझाने का सामान बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग, धमाकों से दहला इलाका; 2 कर्मचारियों की मौत

दौलताबाद इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फायरबॉल फैक्ट्री में धमाके के साथ भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो कर्मचारियों की मौत की खबर है। फिलहाल दमकल की 25 गाड़ियां आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है।

गुरुग्राम: इन दिनों आग की घटनाएं आम हो गई हैं। शनिवार तड़के तकरीबन ढाई बजे दौलताबाद इंडस्ट्रियल एरिया में फायरबॉल बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक धमाके होने शुरू हो गए । धमाके इतनी जोरदार रहे कि कई किलोमीटर दूर तक उसकी आवाज सुनी गई और फैक्ट्री के लगभग 500 मीटर के दायरे में बनी अन्य फैक्ट्रियां और मकान के घरों के शीशे टूट गए । इस हादसे में दो कर्मचारियों की मौत की खबर है। फिलहाल दमकल की 25 गाड़ियां आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है।

भूमि फायर बॉल में धमाके से लगी आग

दौलताबाद इलाके में भूमि फायर बॉल नाम की फैक्ट्री में लगी आग की वजह से आसपास की चार-पांच फैक्ट्रियों को काफी ज्यादा नुकसान हुआ है । इस हादसे में दो कर्मचारियों की मौत की सूचना है, जबकि चार अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं । दमकल विभाग को जैसे ही आग की जानकारी मिली, उसके बाद गुरुग्राम के सभी फायर स्टेशन से लगभग 25 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर भेजी गई हैं । जब फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर आई तब भी फैक्ट्री में जोरदार धमाके हो रहे थे । दमकल विभाग के कर्मचारियों ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया । घटना के बाद गुरुग्राम पुलिस और फोरेंसिक टीम भी मौके पर आई है । एक व्यक्ति की और दबे होने की आशंका है। फिलहाल राहत कार्य जारी है। मौके पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम भी मौजूद हैं। ये हादसा रात करीब 2.30 बजे हुआ।

End of Feed