गुरुग्राम के इफको चौक के पास एक सूटकेस में मिले महिला के शव की पहचान पुलिस ने कर ली है। साथ ही हत्यारे का पता लगा उसे गिरफ्तार भी कर लिया है। हत्यारा महिला का पति ही निकला। हत्यारोपी की पहचान सुनील के रूप में हुई है जो उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिला के बांदी गांव का रहने वाला है। वह गुरुग्राम के सिरहौल में किराये के एक मकान में अपनी पत्नी प्रियंका और चार साल के बच्चे के साथ रहता था। पुलिस ने इस आरोपी को मंगलवार देर रात गिरफ्तार किया। आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा।
पारिवारिक विवाद में पति ने गला घोंटकर की पत्नी की हत्या
गुरुग्राम पुलिस ने हत्या के इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी से प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपित और उसकी पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा होता था। जिसकी वजह से आरोपी ने पत्नी की पहले गला दबाकर हत्या की और फिर उसे जलाकर सबूत मिलने की कोशिश की, लेकिन जब वह सफल न हो सका तो हाथ-पैर तोड़ और चेहरा विकृत कर उसे बैग में पैक कर इफ्को चौक के पास फेंक फरार हो गया। यहां पर एक ऑटो चालक ने संदिग्ध सूटकेस देख इसकी जानकारी पुलिस को दी। बैग के अंदर से निर्वस्त्र हालत में मृतक महिला का शव मिला था।
पड़ोसी ने पुलिस को दी अहम जानकारी
शव मिलने के बाद से ही गुरुग्राम क्राइम ब्रांच की टीम मृतका की पहचान करने और हत्यारोपी को पकड़ने में जुट गई। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच 17 की टीम को घटनास्थल से कुछ दूरी पर लगे सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले। जिसके आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने मृतका की प्रियंका के तौर पर पहचान की और उसके पति सुनील को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से जब पूछताछ की तो पहले उसने बरगलाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान एक पड़ोसी ने पुष्टि कर दी की उसने आरोपी को उसी सूटकेस के साथ जाते देखा था। इसके बाद सख्ती बरतने पर आरोपी सुनील ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
