Gurugram: गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर गुरुग्राम के ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने शहर के अंदर भारी वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर पूर्णता रोक लगा दी है। इस संबंध में यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर बताया कि, गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को ध्यान में रखकर रविवार रात 9 बजे से सोमवार दोपहर 1.30 बजे तक रहेगी। इसके अलावा बुधवार रात 9 बजे से लेकर वीरवार दोपहर 1.30 बजे तक भी शहर के अंदर भारी व्यावसायिक वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी। जयपुर से आने वाले भारी वाहनों को पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस वे का प्रयोग कर आगे बढ़ने का निर्देश दिया है।
गुरुग्राम में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा एवं सुगम यातायात संचालन के लिए पंचगांव चौक, सिरहौल बार्डर, मानेसर चौक एवं कपरीवास चौक आने वाले भारी वाहनों के लिए केएमपी, फारुखनगर, बिलासपुर, हिमगिरी चौक, शंकर चौक, हीरो होंडा चौक और इफको चौक की तरफ वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। गुरुग्राम पुलिस ने अपनी एडवाइजरी में भारी वाहन चालकों से अनुरोध करते हुए बताया है कि राजधानी दिल्ली में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध के कारण यहां पर भी रूट डायवर्जन किया गया है। ट्रक चालक किसी भी परेशानी से बचने के लिए इन वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।
