LIVE
Heat Wave highlight Updates: दिल्ली में अगले तीन दिनों के लिए ‘ऑरेंज' अलर्ट, भीषण गर्मी की चपेट में हरियाणा और पंजाब
Heat Wave highlight Updates: दिल्ली में अगले तीन दिनों के लिए ‘ऑरेंज' अलर्ट, भीषण गर्मी की चपेट में हरियाणा और पंजाब
JUN 16, 2024 16:18 IST
बिहार में हीटवेव का अलर्ट जारी
बिहार में फिलहाल गर्मी से राहत के कोई आसान नहीं हैं। गर्मी से तप रहे लोगों को बस अब बारिश का इंतजार है। वहीं मॉनसून से पहले यहां गर्मी और हीटवेव ने लोगों पर कहर बरसा रखा है। जिस वजह से बिहार के करीब 20 जिलों में हीटवेव से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के लगभग 9 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी कर दिया है।
JUN 16, 2024 11:23 IST
राजस्थान में बरस रहा गर्मी का कहर
राजस्थान में लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। कई जिलों का तापमामन 45 डिग्री पार हो चुका है। वहीं विभाग ने आज कोटा, उदयपुर और अजमेर के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है।
JUN 16, 2024 07:01 IST
बिहार के 9 जिलों में लू का अलर्ट
बिहार में मॉनसून आने की तारीख बढ़ती जा रही है। प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव का डबल अटैक जारी है। ऐसे मौसम में अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में गर्मी के कहर से निजात मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के 9 जिले लू की चपेट में रहेंगे। लेकिन अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने के आसार नहीं हैं। वहीं 9 जिलों में गरज चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
JUN 16, 2024 06:17 IST
भीषण गर्मी की चपेट में हरियाणा और पंजाब
पंजाब और हरियाणा में शनिवार को भी भीषण गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर में अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ भी भीषण गर्मी की चपेट में है, जहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के गुरदासपुर में अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और पठानकोट में अधिकतम तापमान क्रमशः 44.4, 44.3, 45.1 और 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पड़ोसी राज्य हरियाणा के नूंह में अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
JUN 16, 2024 06:17 IST
दिल्ली में अगले तीन दिनों के लिए ‘ओरेंज' अलर्ट
दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 44.6 डिगी सेल्सियस रहा जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है। इस तरह यहां लोगों को चिलचिलाती गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। अधिकारियों ने बताया कि आया नगर मौसम केंद्र में 46 डिग्री तथा पालम मौसम केंद्र में 44 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि रविवार को भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। रविवार को आसमान साफ रह सकता है तथा लू चलते रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में अगले तीन दिन ‘ओरेंज ’ अलर्ट रहेगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 45 डिग्री और 32 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
JUN 16, 2024 06:17 IST
MP में दो दिन बाद मॉनसून देगा दस्तक
मध्यप्रदेश में दो दिन के बाद बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में मॉनसून 18 जून से प्रवेश की दिशा बदल सकता है। शनिवार को प्रदेश के छिंदवाड़ा उमरानाला में आंधी के साथ तेज बारिश हुई। वहीं रायसेन, बुरहानपुर और धार के अलावा कई जिलों में प्री-मानसून की बारिश भी हुई। शनिवार को प्रदेश में सबसे गर्म शहर छतरपुर दर्ज किया गया। यहां का अधिकतम तापमान 45.3 दर्ज रहा। इधर, मौसम विभाग ने भोपाल, विदिशा, देवास, नीमच, खरगौन, इंदौर, शाजापुर में 15 को तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है।
JUN 16, 2024 06:17 IST
आगरा में गर्मी से गश खाकर गिरे सैलानी
आगरा में भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के कारण ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी आने वाले टूरिस्टों की तबीयत खराब हो गई। शनिवार को 8 सैलानियों की तबियत बिगड़ी। इनमें ताजमहल पर चार, आगरा किले पर तीन और फतेहपुर सीकरी में एक सैलानी शामिल हैं। जिन्हें डिस्पेंसरी में प्राथमिक उपचार दिया गया।
JUN 16, 2024 06:16 IST
कानपुर रहा सबसे गर्म शहर
उत्तर प्रदेश में शनिवार को देश का सबसे गर्म शहर कानपुर रहा। इस शहर के दिन और रात दोनों सबसे गर्म रहे। कानपुर में अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री और न्यूनतम पारा 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शनिवार को यूपी के ज्यादातर हिस्सों में कहीं लू तो कहीं तीव्र लू जैसे हालात रहे। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार तक प्रदेश में ऐसे हालात बने रहने के आसार हैं। रविवार को भी तापमान बढ़ने की अनुमान जताया जा रहा है।
