गुजरात के अहमदाबाद में बम धमाकों की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। गुजरात हाईकोर्ट (Gujarat High Court) को एक धमकी भरा ई-मेल मिला है, जिसमें हाईकोर्ट के अलावा मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) और नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। ई-मेल में कई अन्य जगहों पर भी बम धमाके करने की धमकी दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। जानकारी के मुताबिक, यह धमकी भरा ई-मेल 6 नवंबर 2026 को सुबह 8 बजकर 43 मिनट पर भेजा गया था। इसमें 8 नवंबर से 27 नवंबर के बीच अलग-अलग जगहों पर बम धमाके करने की बात लिखी गई है। ई-मेल में किए गए दावों और धमकियों की सच्चाई का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
गुजरात में बड़े हमलों की धमकी से हड़कंप (AI Generated Image)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: व्हाइट हाउस में दिवाली की रौनक, ट्रंप जलाएंगे दीप
दिलजीत दोसांझ के शो में IED ब्लास्ट की धमकी
ई-मेल में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम (Diljit Dosanjh Concert) का भी जिक्र किया गया है। इसमें दावा किया गया है कि 21 नवंबर को अहमदाबाद में होने वाले उनके शो के दौरान IED ब्लास्ट किया जाएगा। इस धमकी में लोगों को जान से मारने की बात भी लिखी गई है। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि धमकी देने वाले व्यक्ति या समूह का असली मकसद क्या है। सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल के स्रोत और उसमें लिखी बातों की जांच कर रही हैं।
खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा का जिक्र
धमकी भरे ई-मेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी (KNA) और बब्बर खालसा का नाम भी लिखा गया है। इसके अलावा ई-मेल में अयोध्या, काशी और मथुरा के मंदिरों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। ई-मेल में नवंबर 1984 के सिख विरोधी दंगों का बदला लेने की बात भी कही गई है। इस तरह एक ही ई-मेल में गुजरात के कई अहम सरकारी और सार्वजनिक स्थानों के साथ-साथ धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच
गुजरात हाईकोर्ट, मुख्यमंत्री कार्यालय और नरेंद्र मोदी स्टेडियम जैसे महत्वपूर्ण स्थानों को मिली धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। जांच में ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने और उसकी मंशा का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल ई-मेल में लिखी गई धमकियों की पुष्टि नहीं हुई है। एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि यह किसी वास्तविक हमले की योजना है या लोगों में डर फैलाने की कोशिश। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
बॉम्बे हाईकोर्ट को भी उड़ाने की मिली धमकी
बम धमाके की मिली धमकियों की कड़ी में बॉम्बे हाईकोर्ट को भी ऐसा ही एक धमकी से भरा ईमेल मिला है। जिसमें कोर्ट को बम से उड़ाने को कहा गया है। धमकी मिलने के बाद बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) ने सिक्योरिटी की जांच की। BDDS ने पूरे कोर्ट परिसर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, अभी तक कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है। कोर्ट में अभी दिवाली की छुट्टियां चल रही हैं और वेकेशन बेंच के सामने कई मामलों की सुनवाई हो रही है।
