शहर

ग्रेटर नोएडा में सनसनीखेज हत्या, ड्यूटी पर जा रहे युवक पर बदमाशों ने बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां

ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर जा रहे एक युवक की हत्या कर दी गई। बाइक सवार बदमाशों ने युवक पर ताबड़तोड़ 6 गोलियां चलाईं। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दो टीमों का गठन किया है।

Image

GN murder

Greater Noida Murder: ग्रेटर नोएडा से बुधवार को हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक को गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवक को लगी 6 गोलियां

यह घटना ग्रेटर नोएडा के इकोटेक 3 थाना क्षेत्र के वैदपुरा गांव की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान वैदपुरा गांव निवासी दीपक नागर के रूप में हुई है। दीपक ड्यूटी के लिए घर से निकला था। इसी दौरान रास्ते में बाइक पर सवार बदमाशों ने उसे घेर लिया और उस पर लगातार गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने दीपक को करीब 6 गोलियां मारीं। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने देखा कि एक युवक खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा है। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने जांच के लिए दो स्पेशल टीमें बनाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं, साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। इस सनसनीखेज हत्या के जांच के लिए डीसीपी ने दो विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान करने और घटना के पीछे का कारण पता लगाने के लिए कई पहलुओं पर जांच की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें