ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा में अवैध हथियार तस्करी का भंडाफोड़, पिस्तौल और देसी तमंचे के साथ पांच बदमाश गिरफ्तार

गौतम बुद्ध नगर जिले में दनकौर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर एक बड़े गैंग का पर्दाफाश किया। पुलिस ने उनके पास से तीन पिस्तौल, तीन तमंचे, 160 कारतूस, नकदी और दो कारें बरामद कीं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी है और जांच जारी है।

Image

पांच बदमाश चढ़े पुलिस के हत्थे (सांकेतिक तस्वीर)

Greater Noida News: उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले की दनकौर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर एक बड़े गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन पिस्तौल, तीन तमंचे, बड़ी मात्रा में कारतूस, नकदी और दो कारें बरामद की हैं। अधिकारियों के मुताबिक यह गैंग लंबे समय से इलाके में हथियारों का अवैध कारोबार कर रहा था।

सूचना पर की गई कार्रवाई

अपर पुलिस उपयुक्त (जोन तृतीय) सुधीर कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि काले रंग की स्कॉर्पियो और नीली बलेनो कार में सवार कुछ लोग ग्रेटर नोएडा में अवैध हथियार बेचने के इरादे से आए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान तेज किया और बुढ़िया गोल चक्कर के पास दोनों वाहनों को रोक लिया।

आरोपी और बरामदगी

पुलिस ने मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान गजेंद्र उर्फ गज्जू (दादरी), सुमित कुमार उर्फ गुंडा (कासना), सागर भाटी (ग्रेटर नोएडा), हर्ष सिंघल (दनकौर) और निखिल भाटी (बीटा-2) के रूप में की गई है। जांच के दौरान उनके पास से तीन पिस्तौल (32 बोर), 160 कारतूस, तीन तमंचे (315 बोर), छह कारतूस, 50 हजार रुपये नकद और दो कारें बरामद की गईं।

कई दिनों से कर रहे थे अवैध कारोबार

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल थे। उन्होंने खुलासा किया कि हथियार और कारतूस वे मथुरा के जय गुरुदेव मंदिर के पीछे रहने वाले बंटू नामक व्यक्ति से खरीदते थे। इन हथियारों को बेचकर कमाई गई रकम का उपयोग वे मौज-मस्ती में करते थे।

पुलिस जांच जारी

पुलिस अब इस मामले में बंटू नाम के सप्लायर सहित पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि गैंग के अन्य सदस्यों का भी पता लगाया जा रहा है और जल्द ही इस पूरे मॉड्यूल का पर्दाफाश किया जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article