ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में देश का सबसे बड़ा और NCR का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बन रहा है। जेवर में बन रहे इस हवाई अड्डे का नाम नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट रखा गया है और नोएडा के अधिकारी एयरपोर्ट के उद्घाटन (Jewar Airport Opening Date) की तैयारियां तेज कर दी हैं। एयरपोर्ट के उद्घाटन के कार्यक्रम की तिथि घोषित कर दी गई है। सिविल एविएशन मिनिस्टर राम मोहन नायडू ने तारीख का ऐलान किया है।
उद्घाटन के लिए तैयार हो रहा जेवर एयरपोर्ट
गाजियाबाद में हिंडन एयरपोर्ट पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने ये जानकारी साझा की है। उद्घाटन के 45 दिन में फ्लाइट का संचालन शुरू होगा। इसके लिए कई एयरलाइंस से बातचीत चल रही है। जानकारी के मुताबिक, एयरलाइंस ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से संचालन के लिए रुचि दिखाई है। पहले फेज में 10 शहरों को जोड़ा जाएगा।
यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल विकास अथॉरिटी (YEIDA) और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ राकेश कुमार सिंह व नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने मंगलवार को उद्घाटन कार्यक्रम के लिए चुनी गई जगह का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, जनसभा स्थल, अधिकारियों की जिम्मेदारियां और कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के मार्ग जैसे विषयों पर चर्चा हुई। अधिकारियों का मानना है कि उद्घाटन से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी, ताकि अंतिम समय में उद्घाटन कार्यक्रम में किसी तरह की दिक्कत न आए।
जल्द शुरू होंगी उड़ानें
जेवर में बन रहा यह एयरपोर्ट NCR का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा होगा। अधिकारियों के अनुसार एयरपोर्ट का अधिकांश काम पूरा हो चुका है और अगले महीने तक यह उद्घाटन के लिए पूरी तरह तैयार हो जाएगा। यानी आप भी तैयार रहें, हो सकता है इस बार दिवाली के गिफ्ट के तौर पर प्रदेश और क्षेत्रवासियों को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सौगात मिल जाए और यहां से उड़ान सेवाएं शुरू हो जाएं।
पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का शिलान्यास किया था। अब जब एयरपोर्ट के उद्घाटन का समय आ रहा है तो उद्घाटन भी पीएम मोदी से ही करवाया जा सकता है। हालांकि, उद्घाटन की तारीख तय नहीं है, लेकिन तारीख तय होते ही अंतिम चरण की तैयारी भी शुरू हो जाएगी।
