Greater Noida Lift Incident: ग्रेटर नोएडा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आ रहा है। जानकारी के मुताबिक, यहां पर मौजूदा सेक्टर ईटा-2 की मिग्सन ट्विन्स सोसायटी में टावर SUN-7 की लिफ्ट अचानक फंस गई, जिसमें 5 लोग अंदर फंसे रह गए। पावर कट की वजह से लिफ्ट अचानक बीच में रुक गई।
मिग्सन ट्विन्स सोसायटी की लिफ्ट में फंसे लोग
लिफ्ट के ऐसे रुकने से अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि कड़ी मशक्कत के बाद लिफ्ट में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मामले में लापरवाही को देखते हुए पुलिस ने मेंटिनेंस विभाग को सख्त चेतावनी दी है। यह घटना थाना सूरजपुर क्षेत्र की है।
इन दिनों ग्रेटर नोएडा के सोसायटियों की लिफ्ट की हालत बेहद खराब चल रही है। मिग्सन ट्विन्स सोसायटी से पहले ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 स्थित एम्स ग्रीन्स एवेन्यू सोसायटी में सोमवार को लिफ्ट दो बार अचानक फ्री फॉल हुई, जिससे हड़कंप मच गया था। इस घटना में एक निवासी के पैर का नाखून उखड़ गया, जबकि दो अन्य को हाथ में चोटें आईं।
बताया गया कि लिफ्ट पहले 12वीं मंजिल से गिरते हुए नौवीं मंजिल पर झटके से रुकी, फिर वहां से गिरकर पांचवीं मंजिल पर जाकर थमी। गौरतलब है कि सोसायटी के 10 टावरों में केवल एक-एक लिफ्ट संचालित हो रही थी और पिछले कुछ दिनों से लगातार लिफ्ट के फ्री फॉल की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे निवासियों में दहशत का माहौल है।
