Auto Expo 2023: ऑटो एक्सपो 2023 में लॉन्च हो रही एक से बढ़कर एक कारें ऑटो लवर्स का दिल जीत रही हैं। इस बार ऑटो एक्सपो में इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड कारों का दबदबा दिख रहा है। ज्यादातर ऑटो कंपनियों ने इस एक्सपो में इसी तरह की कारें लॉन्च की है। हालांकि यहां पर पुणे की स्टार्टअप कंपनी वेव मोबिलिटी द्वारा लॉन्च की गई देश की पहली सोलर इलेक्ट्रिक कार 'ईवा' सबसे ज्यादा चर्चा बटोर रही है। यह एक मिनी इलेक्ट्रिक कार है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि, ये बिजली की जगह केवल धूप से चार्ज होगी। इस क्यूट से छोटी सोलर कार में एक साथ दो वयस्क और एक बच्चा बैठकर सफर कर सकते हैं। छोटी साइज के कारण इस कार को मेट्रो सिटी के हैवी ट्रैफिक में चलाना और तंग जगहों में पार्क करना बेहद आसान है।
देश की पहली सोलर कार
कंपनी ने इस कार को लॉन्च करते हुए इसके सभी फीचर्स की भी जानकारी शेयर की है। इसमें एंड्रॉइड ऑटो/एप्पल कार प्ले कनेक्टिविटी, एयर कंडीशन, 6 तरह से एडजस्ट होने वाला ड्राइवर सीट और लग्जरी कारों की तरह पैनोरमिक सनरूफ भी दिया गया है। इस कार को सोलर से चार्ज करने के लिए इसके छत पर ही सोलर पैनल लगाया गया है। कंपनी के अनुसार, इस स्मार्ट कार में 6kW लिक्विड-कूल्ड PMSM इलेक्ट्रिक मोटर और 14 kWh बैटरी दिया गया है। कंपनी का दावा है कि यह एक बार चार्ज होने के बाद 210 से 250 किमी तक चल सकती है। कंपनी इस कार को इस साल के अंत तक मार्केट में उतारेगी।
