Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में बंद बीमा पॉलिसी को चालू कराने के नाम पर 71 लाख रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंड़ाफोड़ किया गया है। गिरोह के 10 सदस्यों को बादलपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में एटीएम कार्ड, कई कार्यालयों की मोहरे, मोबाइल, बैंक की चेक बुक, पासबुक, वर्क डाटा शीट, नोटपेड डायरी, फर्जी स्टांप पेपर, फर्जी पहचान पत्र सहित अन्य सामान बरामद कर लिया है। ये लोग गिरोह बनाकर कॉल सेंटर चलाते थे।
बीमा पॉलिसी के नाम पर 71 लाख रुपए ठगने वाले 10 शातिर ठग पकड़े गए
बता दें कि, बादलपुर थाना प्रभारी के अनुसार, दूरयाई गांव के पीड़ित संजय से बंद पॉलिसी चालू कराने के नाम पर गिरोह के सदस्यों ने 71 लाख रुपए की ठगी की थी। जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एनटीपीसी मोड़ के पास से गिरोह के 10 सदस्यों को दबोच लिया। इनके पास से भारी मात्रा में ठगी का सामान भी बरामद कर लिया गया है। ये लोग कॉल सेंटर बनाकर लोगों के साथ ठगी किया करते थे और उस रकम को दूसरे के खाते में भेज देते थे। उसके बाद उस रकम को फिर अपने खाते में लेकर आपस में बांट लिया करते थे। यह गिरोह अब तक सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी वारदात को अंजाम दे चुका है। जिनके खिलाफ बादलपुर सहित अन्य कई थानों में मामले दर्ज हैं।
