Ghaziabad News: गाजियाबाद समेत आसपास के 13 जिलों के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए लंबा इंतजार करना होगा। यहां पर पासपोर्ट बनवाने के लिए डेढ़ माह तक की लंबी वेटिंग चल रही है। हाल यह है कि पासपोर्ट सेवा केंद्र पर फाइल जमा करने के लिए 25 नवंबर के बाद का समय मिल रहा है।
गाजियाबाद में पासपोर्ट आवेदन के लिए डेढ़ माह की वेटिंग
वहीं, तत्काल सेवा में भी 14 नवंबर के बाद ही आवेदन जमा किया जा सकता है। इस वेटिंग की वजह से गाजियाबाद के पासपोर्ट सेवा केंद्र ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से अपील की है कि वे आवेदन करने के लिए कुछ दिन इंतजार करें।
बता दें कि गाजियाबाद पासपोर्ट कार्यालय में गाजियाबाद समेत आसपास के 13 जिलों के लोगों के पासपोर्ट बनते हैं। यहां पर सामान्य प्रक्रिया में प्रतिदिन 900 आवेदन स्वीकार्य किए जाते हैं, वहीं तत्काल सेवा के लिए 180 आवेदकों के आवेदन लिए जाते हैं, लेकिन इस समय यहां पर सामान्य आवेदन में लंबी वेटिंग चल रही है। ऐसे में 25 नवंबर का अप्वाइंटमेंट मिल रहा है। एकाएक आवेदन की संख्या में हुई भारी बढ़ोत्तरी के कारण वेटिंग लिस्ट काफी लंबी हो गई है। जिसकी वजह से पासपोर्ट केंद्र को एडवाइजरी जारी करनी पड़ी है।
आवेदक की संख्या में इजाफा
रीजनल पासपोर्ट अधिकारी सुब्रतो हाजरा ने कहा कि इन दिनों कई कारणों से आवेदन करने वालों की संख्या एकाएक बढ़ हो गई है। जिसकी वजह से आवेदन के लिए अप्वाइंटमेंट की लंबी डेट मिल रही। इसलिए लोगों को अभी आवेदन करने से बचने की सलाह दी गई है। अधिकारियों की माने तो वेटिंग लिस्ट बढ़ने का मुख्य कारण लंबित फाइलों का निस्तारण है। विभाग में लंबे समय से हजारों आवेदकों के फाइल लंबित थी। हाल ही में मंत्रालय ने निर्देश जारी कर इन सभी फाइलों को बंद करने को कहा था। जिसके बाद आवेदकों को नोटिस भेजे गए हैं। नोटिस मिलने के बाद इन हजारों आवेदकों ने पासपोर्ट बनवाने के लिए एक साथ अप्वाइंटमेंट ले लिया, जिससे वेटिंग लिस्ट काफी लंबी हो गई। इसके अलावा इस समय नवीनीकरण कराने वाले आवेदकों की संख्या भी काफी बढ़ गई है।
