Bulandshahr Crime: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में अपराधिक मामले बढ़ते जा रहे हैं। यहां खुर्जा नगर थाना क्षेत्र में पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनोद चौधरी (50) की कथित तौर पर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को जब्त किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि इस मामले में उन्हें कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
बुलंदशहर में पूर्व ब्लॉक प्रमुख की हत्या (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)
ये भी पढ़ें - Saharanpur: सहारनपुर के गुघाल मेले में बाल-बाल टला हादसा; बच्चों को झुला रहा झूला टूटा, लापरवाही के लगे आरोप
धारदार हथियार से पूर्व ब्लॉक प्रमुख की हत्या
पुलिस के अनुसार, खुर्जा नगर क्षेत्र के जाहिदपुर अड्डे के पास रहने वाले विनोद चौधरी का शव सोमवार सुबह करीब सवा नौ बजे जाहिदपुर अड्डे के पास एक घर से बरामद किया गया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही खुर्जा नगर थाना प्रभारी, अन्य थानों की पुलिस, क्षेत्रीय इकाई, और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और वहां बिस्तर पर खून से लथपथ विनोद चौधरी का शव पड़ा था। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। लेकिन हत्या के दौरान कई ऐसे सुराग मिले हैं, जिससे मामले की जांच आसान हो गई है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द से जल्द आरोपियों और इस वारदात को अंजाम देने की वजह के बारे में पता लग जाएगा।
उन्होंने बताया कि धारदार हथियार से गला रेतकर चौधरी की हत्या की गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सिंह ने बताया कि घटनास्थल के निरीक्षण से कुछ महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए हैं, जिनके आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
(इनपुट - भाषा)
