आजकल के युवा सबकुछ ऑनलाइन ही हासिल कर लेना चाहते हैं। ऑनलाइन दोस्ती की खातिर कई बार सीमा लांघ जाते हैं। ऐसा ही एक मामला दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से सामने आया है। यहां एक लड़की की डेटिंग एप के जरिए एक युवक से ऑनलाइन दोस्ती हुई, फिर प्यार भरी बातें होने लगीं, लेकिन जल्द ही यह दोस्ती और प्यार उस लड़की को भारी पड़ गया। दरअसल स्वयं को NSA में डेटा एनालिस्ट बताने वाले युवक के ऑनलाइन प्यार के जाल में फंसी युवती को उसके डिजिटल प्रेम में धोखा देकर लाखों लूट लिए।
युवती से डेटिंग एप के जरिए फ्रॉड (फोटो - मेटा AI)
डेटिंग ऐप के जरिए मिले युवक से लड़की की दोस्ती बढ़ती चली गई। दोनों के बीच सेक्स चैट होने लगा और फिर शादी के वादे भी होने लगे। इस बीच युवक ने लड़की से कई बार बहाने बनाकर कुल 22 लाख रुपये से ज्यादा अपने अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए। इस बीच लड़की को युवक पर शक भी हुआ, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
शक होने पर जब वह युवक से मिलने उसके बताए दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव के पते पर पहुंची, तो यह पता फर्जी निकला। अब तक युवती को ठगी का एहसास हो चुका था। उसने साइबर थाने में FIR दर्ज करवाई। पुलिस का कहना है कि वह इस मामले की जांच कर रहे हैं।
कोटा का रहने वाला
मामला गाजियाबाद में सिहानीगेट थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाली युवती की एक डेटिंग एप के जरिए दिल्ली के आकाश अग्रवाल नाम के लड़के से दोस्ती हुई। युवती ने बताया कि पांच जुलाई को दोनों के बीच एप के जरिए बातचीत शुरू हुई थी। आकाश ने स्वयं को एनएसए में डेटा एनालिस्ट बताया और कहा कि वह मूल रूप से राजस्थान में कोटा का रहने वाला है। उसने तो यहां तक बताया था कि उसके पिता सेना में हैं और अभी लद्दाख में पोस्टेड हैं।शातिर युवक ने लड़की को इमोशनल करके अपने जाल में बुरी तरह से फंसा लिया। उसने बताया कि उसका प्रमोशन होने वाला है। इसी चक्कर में उसका बैंक खाता 10 जुलाई से 3 अगस्त तक फ्रीज रहेगा। दोनों के बीच बातचीत भी होती रही, लेकिन जब वह सेक्स चैट करने लगा तो लड़की ने नाराजगी जताई। हालांकि, जल्द ही दोनों के रिश्ते फिर से सामान्य हो गए।
