लखनऊ के बाद गाजियाबाद में भीषण आग, 200 झुग्गियां जलकर राख; छह बच्चों के लापता होने की खबर

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित कनवानी गांव में भीषण आग में 200 झुग्गियों के जलने की खबर है। हादसे के बाद से छह बच्चे गायब बताये जा रहे हैं।

गाजियाबाद : इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनवानी गांव में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 200 से ज्यादा झुग्गियां इसकी चपेट में आकर जलकर राख हो गईं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। इस बीच आग में करीब छह बच्चों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Kanawani Village Fire

गाजियाबाद के कनवानी गांव में लगी आग

क्या बोले अधिकारी?

गाजियाबाद के जिला मजिस्ट्रेट रविंद्र कुमार मंदाड ने बताया कि इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में कनवानी गांव है, जहां लगभग 150 झुग्गी-झोपड़ियां हैं और उनमें आग लग गई। यहां कबाड़ का काम चल रहा था.। फिलहाल दमकल गाड़ियां 7 जगहों पर भेजी गई हैं। आग पर काबू पा लिया गया है, अब आग कहीं नहीं फैलेगी। इसके बाद अगर किसी के लापता होने की शिकायत आती है, तो हम उसकी भी जांच करेंगे। हमने एम्बुलेंस बुला ली है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। अभी तक किसी के लापता होने या हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है।

End of Feed