दिल्ली विधानसभा को बार-बार बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने के मद्देनजर विधानसभा अध्यक्ष को जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। दिल्ली विधानसभा सचिवालय के एक बयान में कहा है कि बजट सत्र के बाद से बम संबंधी धमकियां आने और हाल में विधानसभा की सुरक्षा में चूक के बाद, अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की सुरक्षा को बढ़ाकर जेड श्रेणी का कर दिया गया है।
छह बार मिले धमकी भरे मेल
विधानसभा सचिवालय और अध्यक्ष के कार्यालय को 23 मार्च को शुरू हुए बजट सत्र के बाद से लगभग छह. सात धमकी भरे ईमेल मिले हैं। इसके बाद यह कदम उठाया गया है। इसके अलावा हाल में एक शख्स अपनी कार से विधानसभा गेट नंबर दो पर लगे अवरोधक तोड़ते हुए परिसर में घुस गया था और वहां अध्यक्ष के कार्यालय के पास गुलदस्ता और माला रखकर वापस लौट गया।
24×7 सुरक्षा अलर्ट
नई जेड श्रेणी की सुरक्षा व्यवस्था के तहत, गुप्ता को एक विशेष टीम द्वारा चौबीसों घंटे व सातों दिन सुरक्षा प्रदान की जाएगी। उन्नत सुरक्षा उपायों में एक समर्पित एस्कॉर्ट कार भी शामिल है जो हर समय उनके साथ रहेगी। बयान में कहा गया है कि विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था को भी कड़ा करने की प्रक्रिया जारी है।
बयान में आगे कहा गया है कि सुरक्षा एजेंसियों के परामर्श से दिल्ली विधानसभा परिसर में सभी सदस्यों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और भी मजबूत किया जा रहा है। बयान के अनुसार, विधानसभा परिसर में निरंतर गश्त बनाए रखने और किसी भी संभावित खतरे को तुरंत बेअसर करने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक त्वरित प्रतिक्रिया टीम को वाहन सहित तैनात किया गया है। इसके अलावा, परिसर में प्रवेश करने वाले सभी व्यक्तियों और सामानों की अनिवार्य और कड़ी जांच सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक प्रवेश/निकास द्वार पर स्वचालित बूम बैरियर लगाए जा रहे हैं।
