Delhi NCR Traffic Update: सावन माह में कांवड़ श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सोमवार (10 अगस्त) सुबह से दिल्ली-NCR के प्रमुख मार्गों पर भीषण यातायात दबाव देखा जा रहा है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) को सामान्य यातायात के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित किए जाने के बाद NH-24 (NH-9), डासना इंटरचेंज और क्रासिंग रिपब्लिक कट के पास वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस ने सोमवार और मंगलवार के लिए विशेष यातायात डायवर्जन और एडवाइजरी भी जारी की है।
सोमवार को जाम में खड़ी गाड़ियां
कौन से रास्ते हैं बंद
अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) वरुण कुमार सिंह और डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन के अनुसार, कांवड़ियों की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए निम्नलिखित मार्ग सामान्य नागरिकों के लिए बंद रहेंगे:दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME): यूपी गेट से मेरठ और काशी टोल प्लाजा तक एक्सप्रेसवे सामान्य गाड़ियों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। यह मार्ग केवल कांवड़ यात्रियों (विशेषकर डाक कांवड़) के लिए आरक्षित है।
सिद्धार्थ विहार से मेरठ तिराहा मार्ग: सिद्धार्थ विहार से मेरठ तिराहे की ओर आने वाली सड़क पर सामान्य वाहनों का प्रवेश वर्जित है।
एएलटी चौराहा व मोहन नगर मार्ग: एएलटी चौराहा, मेरठ तिराहा और मोहन नगर होकर दिल्ली की ओर जाने वाले सड़क मार्ग का प्रयोग न करने की सलाह दी गई है।
वैकल्पिक मार्ग और ट्रैफिक समाधान
यदि आप 10 और 11 अगस्त के दौरान गाजियाबाद, दिल्ली या मेरठ की ओर यात्रा करने वाले हैं, तो पुलिस द्वारा सुझाए गए वैकल्पिक मार्गों का पालन करें। यातायात प्रतिबंधों के चलते दिल्ली से मेरठ या हापुड़ जाने वाले यात्रियों को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) के बजाय एनएच-09, ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) अथवा डासना होकर हापुड़ जाने वाले मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है। वहीं, सिद्धार्थ विहार से मेरठ तिराहा तक का सीधा मार्ग पूरी तरह बंद है, इसलिए वाहन चालक एनएच-09 से विजयनगर कट, रेलवे ओवरब्रिज और चौधरी मोड़ होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं। मोहन नगर और एएलटी क्षेत्र से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को दिल्ली-मेरठ मार्ग (NH-58) के स्थान पर एनएच-09 का उपयोग करते हुए गाजियाबाद या दिल्ली में प्रवेश करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, वैशाली और आनंद विहार सीमा क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के एंट्री पॉइंट प्रभावित रहने के कारण यात्रियों को लिंक रोड वैशाली या आनंद विहार बॉर्डर मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है, हालांकि यहां यातायात की रफ्तार धीमी रह सकती है।
गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता और नौकरीपेशा लोगों से अपील की है कि वे सड़कों पर निजी वाहन निकालने से बचें। निजी वाहनों के बजाय रैपिड मेट्रो (नमो भारत - RRTS), दिल्ली मेट्रो या अन्य सार्वजनिक साधनों का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।
