Firozabad News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में रविवार शाम को तेज आंधी-तूफान आया। जिसने कई इलाकों में भारी तबाही मचा दी। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर दीवारें गिरने की घटनाएं सामने आईं। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दीवार और गेट गिरने से 3 लोग दबे
जानकारी के मुताबिक, थाना नारखी क्षेत्र के गांव नगला सेमरिया में तेज आंधी और तूफान के दौरान एक दीवार अचानक भरभराकर ढह गई। साथ ही लोहे का गेट भी गिर गया। हादसे के समय वहां मौजूद तीन लोग मलबे के नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां ट्रॉमा सेंटर में उनका इलाज चल रहा है।
अस्पताल में डॉक्टरों ने 40 वर्षीय कालीचरण को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो अन्य घायलों का इलाज जारी है। मृतक की पत्नी ने बताया कि शाम को अचानक तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया था। तेज हवाओं के कारण दीवार और गेट गिर पड़ा। हादसे में तीनों लोग उसकी चपेट में आ गए।
रसूलपुर में आंधी-तूफान से गिरी दीवार
दूसरी घटना थाना रसूलपुर क्षेत्र से सामने आई। यहां भी आंधी-तूफान के कारण एक दीवार गिर गई। जिससे एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
खराब मौसम में लोगों से सावधान रहने की अपील
खराब मौसम के कारण जिले के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। जिसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और कमजोर भवनों व दीवारों के आसपास न जाने की अपील की है।
