Bihar Crime: बिहार के दरभंगा में अपराधियों का हौसला इतना बढ़ गया है कि अब पुलिसकर्मी भी उनके निशाने पर आ गए हैं। सकतपुर थाना क्षेत्र में गश्ती कर रही पुलिस टीम पर गोलीबारी हुई। इस गोलीबारी में एएसआई रणधीर कुमार घायल हो गए। गोली उनके बाएं पैर में लगी। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
दरभंगा में गश्ती कर रहे ASI को मारी गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एएसआई रणधीर कुमार पुलिस टीम के साथ उजान गांव के पास गश्ती कर रहे थे। तभी एक बगीचे की ओर से अचानक गोली चली, जो उनके बाएं पैर में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) रेफर कर दिया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज चल रहा है।
FSL टीम ने सबूत किए एकत्रित
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी जलारेड्डी समेत कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू की। FSL की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। वहीं, पुलिस की टेक्निकल सेल भी जांच में लगी हुई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: PoK में पाकिस्तानी सेना की बर्बरता, नागरिकों के घर पर ड्रोन से हमला
एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी जलारेड्डी के मुताबिक, पुलिस टीम गश्ती कर रही थी। इसी दौरान बगीचे की तरफ से किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोली चलाई, जिससे एएसआई रणधीर कुमार घायल हो गए। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गोली किसने चलाई और इसके पीछे क्या कारण था। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही है। हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि गश्ती कर रही पुलिस टीम पर गोली चलाने वाला शख्स कौन था?
