Kolkata Fire: पूर्वी कोलकाता के तोपसिया इलाके में शुक्रवार को एक झुग्गी बस्ती में आग लग गई, जिसमें कई झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सांकेतिक फोटो
एक अधिकारी ने बताया कि दोपहर करीब 12.50 बजे लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकल की आठ गाड़ियों को लगाया गया। पुलिस ने बताया कि आग को फैलने से रोकने के लिए दमकलकर्मियों को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि घर एक-दूसरे से सटे हुए हैं और वहां कथित तौर पर ज्वलनशील वस्तुएं रखी हुई हैं।
ये भी पढ़ें - दादरी-हापुड़ मार्ग का होगा कायाकल्प, 14 किमी लंबे मार्ग के चौड़ीकरण को मिला शासन की मंजूरी
स्थानीय लोगों ने की आग बुझाने में मदद
इस हादसे के दौरान घटनास्थल पर स्थानीय लोगों को आग बुझाने के लिए दमकल कर्मियों की मदद करते देखा गया, जबकि प्रभावित निवासियों के एक समूह ने पुलिस के साथ बहस भी की। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि आग को देखते हुए लोगों को पास में स्थित ऊंची इमारत से भी निकाला जा रहा है। अंतिम सूचना मिलने तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
(इनपुट - भाषा)
