Mumbai Metro Fire: मुंबई के अंधेरी (पूर्व) स्थित टी2 एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन के भूमिगत हिस्से में बुधवार को अचानक आग लग गई, जिसके बाद एहतियातन यात्रियों को तुरंत स्टेशन से बाहर निकाला गया। अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना शाम करीब 4:10 बजे हुई और इसमें किसी के घायल होने की खबर नहीं है। आग लगने के कारण मेट्रो की एक्वा लाइन-3 पर आरे जेवीएलआर से कफ परेड के बीच अंडरग्राउंड रूट पर सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित रहीं। एक नगर निगम अधिकारी ने बताया कि आग स्टेशन के तकनीकी कक्ष में लगी थी। घटना की सूचना मुंबई फायर ब्रिगेड को शाम 4:13 बजे दी गई, जिसके बाद दमकल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और हालात पर काबू पाया।
आग पर कैसे पाया गया काबू
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मौके पर तीन फायर इंजन और दो जंबो टैंकर भेजे गए थे, जिनकी मदद से शाम करीब 4:30 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग के चलते भूमिगत स्टेशन में धुआं भर गया था, इसलिए बचाव कार्य के दौरान दमकलकर्मियों को सांस लेने के उपकरणों का इस्तेमाल करना पड़ा। अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है, हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। वहीं, सेवाओं का संचालन करने वाली मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MMRCL) ने इसे “हल्की धुएं की घटना” बताया है।
हल्की धुएं की घटना सामने आई
जारी बयान में बताया गया कि “आज छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (सीएसएमआईए)-टी2 मेट्रो स्टेशन पर हल्की धुएं की घटना सामने आई, जिसे मौके पर मौजूद टीम ने तुरंत संभाल लिया।” एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए स्टेशन को खाली कराया गया और इस दौरान ट्रेनों का ठहराव सीएसएमआईए-टी2 स्टेशन पर रोक दिया गया।
मेट्रो सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित
बयान में आगे कहा गया कि सहार रोड और आरे स्टेशन के बीच मेट्रो सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित रहीं, हालांकि बाद में संचालन सामान्य कर दिया गया। एमएमआरसीएल के अनुसार, सभी जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। गौरतलब है कि इससे पहले नवंबर 2024 में बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) के भूमिगत मेट्रो स्टेशन के बेसमेंट में भी आग लगने की घटना सामने आई थी।
