Faridabad Murder: फरीदाबाद में पत्नी के साथ अवैध संबंध का शक करने पर एक युवक ने अपने ही दोस्त की रुमाल से गला घोंटकर हत्या कर दी। यह हत्या वर्ष 2021 के मई माह में हुई थी, लेकिन पूरे मामले का खुलासा अब क्राइम ब्रांच ने किया है। दरअसल, युवक के गायब होने के बाद परिजनों ने युवक के गुमशुदी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और फरीदाबाद पुलिस भी करीब एक साल से इसे गुमशुदी मान कर ही जांच कर रही थी, लेकिन जब युवक की जानकारी नहीं मिल पाई तो यह मामला डीएलएफ क्राइम ब्रांच को सौंपा गया। जिसके बाद ऐसा राज खुला कि पुलिस भी हैरान हो गई। पुलिस ने हत्या करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया।
मृतक को था पत्नी और आरोपी के बीच अवैध संबंध का शक।
हत्या का यह मामला गांव अनंगपुर का है। मई 2021 में 32 वर्षीय रवि अपने घर से लापता हो गया था। जिसके बाद युवक की पत्नी ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दी थी। पुलिस ने केस दर्ज कर रवि की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। जिसके बाद डीसीपी क्राइम मुकेश मल्होत्रा ने क्राइम ब्रांच डीएलएफ को सौंपी। एसीपी क्राइम सुरेन्द्र श्योराण के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच ने जांच करते हुए रवि हत्याकांड का खुलासा कर हत्या में शामिल आरोपी संदीप और सचिन को अनंगपुर गांव से ही गिरफ्तार किया है। आरोपी संदीप और मृतक रवि दोनों साथ में गाड़ी चलाने का काम करते थे और गहरे दोस्त थे। वहीं आरोपी सचिन दूध की डेयरी चलाता है।
शराब पिलाकर रुमाल से घोंट दिया गला
गुरुग्राम पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी संदीप ने बताया कि, वह मृतक रवि के घर पिछले 10 साल से आता जाता था। मृतक रवि को शक था कि, संदीप और उसकी पत्नी के बीच अवैध संबंध हैं। इसलिए उसने संदीप को घर आने से मना कर दिया था। इससे नाराज संदीप ने मृतक को अपने साथ ले जाकर पहले शराब पिलाई और फिर सूरजकुंड पाली रोड ले जाकर रुमाल से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद अपने दोस्त सचिन के साथ मिलकर रवि का शव ठिकाने लगा दिया। क्राइम ब्रांच डीएलएफ टीम अब आरोपी से पूछताछ कर शव की बरामदगी की कोशिश करेगी।
