Faridabad Crime: फरीदाबाद में हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर लिव-इन में रह रहे एक युवक ने अपने पार्टनर की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या का यह मामला मुजेसर क्षेत्र में करीब दो सप्ताह पहले हुआ था। इस मामले की क्राइम ब्रांच डीएलएफ जांच कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस आरोपी तक पहुंची और पूरे मामले का खुलासा करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान 20 वर्षीय शख्स के तौर पर हुई है। यह उत्तर प्रदेश के संभल जिला के गांव निजामपुर का रहने वाला है और फरीदाबाद के मुजेसर में एक माह पहले ही किराये का कमरा लेकर रहने आया था।
फरीदाबाद में लिव इन पार्टनर की गला घोंटकर हत्या (Representative Image)
डीसीपी क्राइम मुकेश मल्होत्रा ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि, आरोपी गाजियाबाद की एक फैक्ट्री में वाहन चलाने का कार्य करता था इस आरोपी की करीब नौ महीने पहले दिल्ली के मीठापुर की रहने वाले महिला से हुई थी। महिला पहले से शादीशुदा और चार साल के बेटे की मां थी। दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई और फिर प्यार। इसके बाद यह आरोपी शादी का वादा कर महिला और उसके बेटे को अपने साथ रखने लगा। ये दोनों कुछ दिन तक रोहतक और गोरखपुर रहे। करीब एक महीने पहले ही मुजेसर में किराये पर कमरा लेकर रह रहे थे।
लिव इन पार्टनर के चरित्र पर शक करता था आरोपित
पुलिस ने बताया कि, आरोपित ने यहां पर महिला को अपनी पत्नी बताकर किराये पर कमरा लिया था। आरोपित ने पुलिस पूछताछ में बताया कि, उसे संदेह था कि महिला फोन पर किसी से बात करती है। आरोपी ने बताया कि, उसे लग रहा था कि, वह महिला के लिए सबकुछ छोड़कर आया है और महिला ही उसे धोखा दे रही है। इस बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया और पांच अक्टूबर को ऐसे ही एक झगड़े के दौरान आरोपी ने गुस्से में चुन्नी से महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी शव कमरे में पड़ा छोड़कर फरार हो गया। आरोपी मृतका की पहचान छिपाने के लिए उसका मोबाइल और जरूरी कागजात अपने साथ लेकर गया था।
