Faridabad: फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के लोगों का जयपुर समेत राजस्थान के अन्य प्रमुख शहरों में जाना अब आसान होने वाला है। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के अलावा साउथ दिल्ली निवासी भी अब सीधे दिल्ली-मुंबई एक्स्प्रेसवे पर पहुंच सकेंगे। इस एक्सप्रेसवे के सोहना-दौसा-लालसोट स्ट्रेच को कनेक्ट करने के लिए ग्रीनफील्ड लिंक का 20 किमी का हिस्सा बनकर तैयार हो चुका है। नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के अनुसार दिल्ली-आगरा हाईवे से दिलली-मुंबई एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले इस लिंक एक्सप्रेसवे को शुक्रवार को खोला जा सकता है। हालांकि इस पर आखिरी फैसला 23 जनवरी को परिवहन मंत्रालय के साथ होने वाले बैठक में लिया जाएगा। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद फरीदाबाद के वाहन चालकों गुरुग्राम होकर सोहना की तरफ नहीं जाना पड़ेगा।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे
बता दें कि, इस लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण पिछले सप्ताह ही पूरा हो गया था। जिसके बाद से एनएचएआई इस पर ट्रायल रन कर रहा है। यह पूरा कॉरिडोर 59 किमी लंबा है। यह लिंक एक्सप्रेसवे डीएनडी फ्लाईओवर से शुरू होकर केएमपी और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएगा। यह पूरा प्रोजेक्ट 5000 करोड़ का है और इसे तीन हिस्सों में बनाया जा रहा है। छह लेन वाले इस एक्सप्रेसवे का पहला सेक्शन 9 किलोमीटर का डीएनएडी फ्लाईवे से शुरू होकर जैतपुर तक है। इसका दूसरा सेक्शन जैतपुर से बल्लभगढ़ तक 25 किलोमीटर का और तीसरा बल्लभगढ़ से सोहना तक 20 का होगा। तीसरे सेक्शन को ही वाहनों की आवाजाही के लिए खोला जा रहा है। यह पूरा लिंक एक्सप्रेसवे अप्रैल, 2024 तक पूरा होगा।
