Faridabad: पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं से उत्तर भारत के मैदानी इलाके में रहने वाले लोग कांप रहे हैं। रविवार की तरह सोमवार को भी दिल्ली समेत एनसीआर के सभी शहर शीतलहर के साथ घने कोहरे की चपेट में नजर आए। कड़ाके की सर्दी से फरीदाबाद भी बेहाल नजर आ रहा है। फरीदाबाद में सोमवार को सीजन का सबसे अधिक ठंडा दिन दर्ज किया गया। यहां के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में सोमवार को गिरावट दर्ज की गई। फरीदाबाद में सोमवार को अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। यह इस साल का सबसे ठंडा दिन रहा। बढ़ती ठंड और शीतलहर के कारण मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
धुंध में सड़क पर जाते वाहन
फरीदाबाद शहर सोमवार सुबह धुंध की चादर में लिपटा नजर आया। यहां की सड़कों पर वाहन रेंगेते रहे। धुंध के साथ चल रही शीतलहर लोगों को कांपने पर मजबूर कर रही है। दोपहर के समय हल्की धूप खिलने से लोगों ने कुछ समय के लिए राहत की सांस जरूर ली, लेकिन शाम होते ही फिर से ठिठुरन बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, एकाएक ठंड बढ़ने का सबसे बड़ा कारण पहाड़ों से आती बर्फीली हवाएं हैं। जिसकी वजह से शीतलहर चल रही है। फरीदाबाद के लोगों को आने वाले दिनों में भी इस तरह की धुंध और शीतलहर का सामना करना पड़ेगा।
