Faridabad News: फरीदाबाद के सरूरपुर इलाके में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौके पर बुझी हुई अंगीठी भी बरामद हुई है। मृतकों में दंपति और उनका 5 साल का बेटा शामिल है। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत की वजह सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही मामला स्पष्ट हो सकेगा।
फरीदाबाद में तीन लोगों की संदिग्ध मौत
बिहार के रहने वाले थे मृतक
जानकारी के मुताबिक बिहार का रहने वाला रमेश, उसकी पत्नी ममता, पांच साल का बेटा छोटू और रमेश का भाई राजेश फरीदाबाद में एक किराए के मकान में रहते थे। तीनों लोग मजदूरी कर घर का खर्च चलाते थे। वे पिछले दो महीने से सरूरपुर गली नंबर-8 में परशुराम के मकान में किराए पर रह रहे थे। मकान मालिक ने बताया कि मृतक के भाई राजेश ने उन्हें सुबह फोन कर बताया कि भैया, भाभी और भतीजा उठ नहीं रहे हैं, आप जल्दी आ जाओ। जब वे घर पर पहुंचे तो उन्हें तीनों फर्श पर मृत अवस्था में मिले।
रात में नहीं जलाई गई अंगीठी
परशुराम के मुताबिक राजेश ने उन्हें बताया कि भाभी ने रात को हलवा बनाया था, जिसे खाकर सब सो गए थे। जब सुबह करीब पांच बजे उसकी नींद खुली, तो राजेश ने अपने भाई-भाभी को जगाने की कोशिश की। लेकिन जब वे उठे नहीं, तो वह दोबारा वही हलवा खाकर लेट गया। परशुराम ने बताया कि मृतक के नाक और मुंह से खून निकल रहा था, जबकि बच्चे और ममता के मुंह से झाग आ रहा था। जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस को घर से एक बुझी हुई अंगीठी भी बरामद हुई। लेकिन राजेश के अनुसार उस रात अंगीठी नहीं जलाई गई थी। फिलहाल तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए फरीदाबाद के बादशाह खान सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ हो पाएगी।
