Jalandhar Activa Blast: पंजाब के जालंधर में बीएसएफ चौक के पास एक एक्टिवा स्कूटर में अचानक जोरदार धमाका होने की घटना सामने आई है। धमाके के तुरंत बाद वाहन में आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग दहशत में आ गए।
आग की लपटों में घिरी एक्टिवा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका होते ही एक्टिवा आग की लपटों में घिर गई, जिसे देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
किसी के घायल होने की खबर नहीं
बताया जा रहा है कि फिलहाल धमाके के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। इस बीच राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
पुलिस कमिश्नर ने बताया ये
वहीं जालंधर की पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि, "आज रात करीब आठ बजे बीएसएफ चौक के पास अचानक एक एक्टिवा में आग लग गई। यह एक्टिवा गुरप्रीत सिंह की है। गुरप्रीत सिंह इस समय हमारे साथ मौजूद हैं और उनसे भी पूछताछ की जा रही है।
युवक को लिया गया हिरासत में
हाल फिलहाल की जानकारी के अनुसार पंजाब पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि, युवक एक ई कॉमर्स कंपनी में डिलीवरी बॉय है और के पिता रिटायर्ड बीएसएफ हैं। वह किसी पार्सल का पेमेंट लेने आया हुआ था उसी दौरान उसकी स्कूटी में ब्लास्ट हुआ है। फिलहाल उससे और उसके पिता से पूछताछ जारी है। इसी के साथ पूरे एरिया में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
