देश की राजधानी दिल्ली के कड़कड़डूमा इलाके में चरित्र पर शक के चलते एक महिला की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 35 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर सोते समय चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपी पति को पुलिस ने स्थानीय लोगों और परिवार के सदस्यों की मदद से कुछ ही घंटों के भीतर दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में जो खुलासे हुए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
कमरे में खून से लथपथ मिली लाश
पुलिस के मुताबिक, रविवार (28 जून) को पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को सूचना मिली कि कड़कड़डूमा गांव के एक कमरे में एक महिला खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां 30 वर्षीय सोनम जोशी का शव पड़ा हुआ था, जिसके शरीर पर चाकू के कई गहरे घाव थे। घावों की गंभीरता को देखते हुए सोनम को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया।
पहले से रची थी हत्या की साजिश
जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी पति अनुज जोशी ने अपनी पत्नी की हत्या की साजिश पहले से ही रच ली थी। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ का रहने वाला अनुज, वहां आइसक्रीम का ठेला लगाता है। उसने हत्या के लिए लखनऊ से ही एक धारदार चाकू खरीदा और फिर बस में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ।
वह 28 जून की सुबह कड़कड़डूमा गांव पहुंचा। उस वक्त सोनम कमरे में गहरी नींद में सो रही थी। अनुज कमरे में घुसा और सोते समय ही सोनम पर चाकू से कई वार कर दिए। हत्या के बाद उसने चाकू को उसी कमरे में एक प्लास्टिक बैग के अंदर छिपा दिया। हालांकि, जल्द ही वह पकड़ लिया गया। बाद में आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया।
शक ने तबाह कर दिया हंसता-खेलता परिवार
पूछताछ के दौरान आरोपी अनुज ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी सोनम के चरित्र पर शक करता था। उसे अंदेशा था कि सोनम का किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध है, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर काफी झगड़ा होता था। पुलिस का मानना है कि इसी रंजिश और शक के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।
