छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके में तैनात डीएसपी तोमेश वर्मा पर दंतेवाड़ा में जानलेवा हमला होने का मामला सामने आया है। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मौके से एक युवक और एक युवती को चाकू समेत गिरफ्तार कर लिया है।
दंतेवाड़ा में डीएसपी पर हमला।
सुकमा में तैनात हैं घायल डीएसपी
डीएसपी तोमेश वर्मा सुकमा जिले के जगरगुंडा इलाके में तैनात हैं। उनपर हमला तब हुआ जब वे किसी शासकीय काम से दंतेवाड़ा सत्र न्यायालय पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक,आरोपी रविशंकर साहू और रंजीता वर्मा दुर्ग जिले से दंतेवाड़ा पहुंचे थे। दोनों की पहचान कर ली गई है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुराने विवाद का मामला
हमला करने पहुंचे आरोपियों के डीएसपी तोमेश वर्मा से पुराने ताल्लुक थे।रंजीता वर्मा उनकी नजदीकी रिश्तेदार बताई जा रही है। जिसने दुर्ग जिले के मोहननगर थाने में 20 दिसम्बर 2024 को डीएसपी तोमेश के ऊपर एक एफआईआर दर्ज करवाई थी। अपनी एफआईआर में उसमें आरोप लगाया था कि DSP वर्मा ने उसके घर में जबरदस्ती घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसके साथ मारपीट भी की। मोहननगर थाने में दर्ज एफआईआर विवरण में दुष्कर्म की घटना 31 अगस्त 2024 को बताई जा रही है। फिलहाल यह मामला न्यायिक प्रक्रियाधीन है।
दो घंटे तक बनाया बंधक
बताया जा रहा है कि कोर्ट परिसर में मुलाकात के बाद दोनों आरोपी डीएसपी वर्मा की गाड़ी में बैठ गए। गाड़ी में बैठते ही महिला ने चाकू निकालकर उन्हें धमकाया और इधर-उधर गाड़ी घुमाने को कहा। दोनों ने चाकू की नोंक पर करीब दो घंटे तक DSP को बंधक भी बनाकर रखा।
