हापुड़ : जिले में एक सरकारी स्कूल की जर्जर बिल्डिंग मंगलवार की सुबह भरभरा कर गिर गई। बताया जा रहा है कि इस हादसे में एक महिला मलबे की चपेट में आने की वजह से मामूली रूप से घायल हुई है। स्कूल की बिल्डिंग को जर्जर होने की वजह से पहले से ही एहतियात बतौर बंद कर दिया गया था और यहां पढ़ने वाले बच्चों को काफी पहले ही दूसरी सुरक्षित जगह पर शिफ्ट करा दिया गया था। स्कूल की जर्जर बिल्डिंग गिरने की घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इस घटना के बाद स्थानीय लोग बेसिक शिक्षा विभाग की लापरवाही पर सवाल खड़े कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जर्जर बिल्डिंग को ध्वस्त किया जाना चाहिए था, जबकि कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर छोटा बाजार में गिरी स्कूल की जर्जर इमारत
जानकारी के अनुसार गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के छोटा बाजार में एक प्राइमरी स्कूल संचालित था। यहां स्कूल की बिल्डिंग काफी जर्जर हालत में थी, जिसको ध्यान में रखते हुए इस स्कूल को पास में ही दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया था और स्कूल की जर्जर बिल्डिंग को एहतियात बतौर बंद कर दिया गया था। लेकिन मंगलवार की सुबह स्कूल की खाली पड़ी जर्जर बिल्डिंग उस वक्त भरभरा कर गिर गई, जब एक महिला गली में रास्ते से होकर गुजर रही थी।
CCTV में कैद हुई घटना
स्कूल की बिल्डिंग गिरने की यह घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा रहा है कि बिल्डिंग एक पल में ही किस तरह से पूरी की पूरी भर भरा कर नीचे गिर गई और वहां से गुजर रही एक महिला मलबे की चपेट में आ सकती थी, लेकिन वो किसी तरह बच गई। घटना के बाद आसपास के लोग राहत और बचाव के लिए मौके की ओर दौड़े और उन्होंने घायल हुई महिला को मलबे से बाहर निकलते हुए उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना के बाद बेसिक शिक्षा विभाग की लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कहा जा रहा है कि जर्जर सरकारी स्कूल की बिल्डिंग को कई बार शिकायत करने के बावजूद भी ध्वस्त नहीं कराया जा रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ है।
