Jharkhand Student Protest: 9 दिन से अनशन पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की बिगड़ी तबीयत, सदर अस्पताल में हुए एडमिट

जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में अनशन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की हालत सोमवार को बिगड़ गई। लगातार नौ दिनों से जारी अनशन के चलते स्वास्थ्य खराब होने पर डॉक्टरों की सलाह से उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Devendra Nath Mahato: जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के विरोध में अनशन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत सोमवार को अचानक बिगड़ गई। स्वास्थ्य में लगातार गिरावट के बाद चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें देर शाम इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में भर्ती होने से पहले देवेंद्र नाथ महतो एंबुलेंस से विधानसभा घेराव कर रहे छात्रों के बीच पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वह पिछले नौ दिनों से लगातार अनशन पर हैं। अनशन की शुरुआत में देवेंद्र नाथ महतो ने पानी का सेवन भी बंद कर दिया था। हालांकि, सोनम वांगचुक की सलाह के बाद उन्होंने पानी और नमक लेना शुरू किया। इसके बावजूद लंबे समय से जारी अनशन का उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ा और उनकी हालत लगातार कमजोर होती चली गई। सोमवार को उनकी तबीयत और बिगड़ने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया।

Devendra Nath Mahato

डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल में कराया गया दाखिल (फोटो- पीटीआई)

झारखंड विधानसभा के पास पहुंचे छात्र

गौरतलब है कि प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने सोमवार को मार्च के दौरान कई अवरोधक तोड़ दिए और झारखंड विधानसभा के पास पहुंच गए, जिसके बाद पुलिस ने पानी की बौछार की, आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। विधानसभा की कार्यवाही दोपहर के समय दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। प्रदर्शनकारियों के अंतिम अवरोधक के पास पहुंचने पर पुलिस ने कार्रवाई की। यह अवरोधक विधानसभा की ओर जाने वाली सड़क पर जगन्नाथपुर मंदिर के पास लगाया गया था। कई प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि पुलिस कार्रवाई में वे घायल हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने अवरोधक तोड़ने के बाद विधानसभा के गेट नंबर एक के बाहर पहुंचकर धरना शुरू कर दिया। बता दें कि आंदोलन के 17वें दिन सुबह करीब साढ़े 10 बजे पुराने विधानसभा भवन के बाहर से मार्च शुरू हुआ।

End of Feed