Delhi Rain: दिल्ली-NCR में आज यानी मंगलवार 11 अगस्त को भी सुबह से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है। सोमवार दोपहर बाद यहां मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला था और जमकर बारिश हुई थी। बारिश का दौर आज बी जारी है। भारत मौसम विभाग (IMD) के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली ने 11 अगस्त 2026 को 11:40 बजे जारी डिस्ट्रिक्ट लेवल नाउकास्ट में राजधानी के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। IMD के मुताबिक कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। यह एडवाइजरी दोपहर 3 बजे तक वैध है।
दिल्ली में अगले तीन घंटे भारी बारिश की चेतावनी
IMD के ताजा नाउकास्ट के अनुसार दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग ने खासतौर पर दिल्ली के अलग-अलग जिलों के कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों और संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
जलभराव और ट्रैफिक पर असर की आशंका
लगातार या तेज बारिश की स्थिति में आज राजधानी के निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है। इसका सीधा असर सड़कों पर यातायात की रफ्तार पर पड़ने की आशंका है। IMD की एडवाइजरी में कहा गया है कि भारी बारिश की वजह से विजिबिलिटी कम होने, यातायात प्रभावित होने और यात्रा में देरी की स्थिति बन सकती है।
कमजोर मकानों, झोपड़ियों को हो सकता है नुकसान
मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि तेज हवा और बारिश के दौरान पेड़ या उनकी शाखाएं गिर सकती हैं। इससे बिजली के तार और स्थानीय ढांचा प्रभावित होने का खतरा रहता है। कमजोर मकानों, झोपड़ियों और अस्थायी संरचनाओं को भी इस दौरान नुकसान पहुंच सकता है।
किसानों के लिए जारी की गई सलाह
IMD ने बारिश के मद्देनजर कृषि क्षेत्र के लिए भी एहतियाती उपाय सुझाए हैं। किसानों को खुले में कटी हुई फसल नहीं रखने और खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। साथ ही बारिश के दौरान खाद और कीटनाशकों के इस्तेमाल से बचने को कहा गया है।
पेड़ों के नीचे शरण न लें
विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खुले और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, पेड़ों के नीचे शरण न लें और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। वाहन चालकों को धीमी गति से चलने तथा जलभराव वाली सड़कों पर खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें - Uttarakhand में आज फ्लैश फ्लड का खतरा, अल्मोडा, देहरादून, टिहरी सहित 12 जिलों में IMD का अलर्ट
दिल्ली में मानसूनी गतिविधियों के बीच, आने वाले घंटों में स्थानीय स्तर पर बारिश की तीव्रता में बदलाव हो सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग के ताजा अपडेट और स्थानीय प्रशासन की सलाह पर नजर रखने की जरूरत है।
