LG Taranjit Singh Sandhu Action: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सड़कों पर रेंगने वाले ट्रैफिक से परेशान रहने वाले लोगों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। नियमों के कड़ाई से पालन, सड़कों पर पुलिस की बढ़ी मौजूदगी और तकनीकी सुधारों के चलते बीते तीन महीनों (अप्रैल से 25 जून 2026) के दौरान दिल्ली के अहम इलाकों में जाम की समस्या करीब एक तिहाई (32.7%) कम हो गई है।
दिल्लीवालों को बड़ी राहत; LG के एक्शन के बाद 3 महीने में एक तिहाई कम हुआ ट्रैफिक जाम, गलत दिशा में ड्राइविंग पर सख्ती
दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) तरनजीत सिंह संधू ने पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा और ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें ट्रैफिक को सुचारू बनाने के लिए 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' (AI) आधारित और डिजिटल मैनेजमेंट सिस्टम को तेजी से बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
गूगल मैप्स के आंकड़ों में बड़ा खुलासा, सड़कों पर कम रेंगी गाड़ियां
बैठक में अधिकारियों ने गूगल मैप के जरिए हर 15 मिनट पर दर्ज किए गए आंकड़ों को सामने रखा, जो दिल्ली की सुधरती तस्वीर बयां करते हैं:
-जाम की लंबाई घटी: जनवरी से मार्च 2026 के बीच दिल्ली में औसत जाम की कुल लंबाई 48.25 किलोमीटर दर्ज की जा रही थी, जो अप्रैल से 25 जून के बीच घटकर 32.43 किलोमीटर रह गई।
-'प्रोजेक्ट संगम' की सफलता: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की नागरिक-केंद्रित पहल के तहत चिह्नित किए गए 62 प्राथमिक ट्रैफिक 'हॉटस्पॉट' में से 34 स्थानों पर महीने-दर-महीने जाम में भारी कमी आई है।
इन प्रमुख इलाकों में सबसे ज्यादा सुधरा ट्रैफिक
-पुश्ता रोड (कैलाश नगर): ट्रैफिक जाम में रिकॉर्ड 82.59% की कमी आई।
-खजूरी चौक: जाम में 74.29% की भारी गिरावट दर्ज की गई।
-तीन मूर्ति गोलचक्कर: ट्रैफिक के बहाव में 66.01% का बड़ा सुधार देखा गया।
गलत साइड ड्राइविंग और अवैध पार्किंग पर पुलिस का 'हंटर'
ट्रैफिक सुधरने की सबसे बड़ी वजह दिल्ली पुलिस द्वारा उपराज्यपाल के निर्देश पर चलाया जा रहा सख्त प्रवर्तन अभियान है। नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने भारी कार्रवाई की है:
-रॉन्ग साइड ड्राइविंग: गलत दिशा में गाड़ी चलाने वालों के चालान में 98% की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इतना ही नहीं, गलत साइड ड्राइविंग के लिए 2,033 एफआईआर (FIR) भी दर्ज की गई हैं।
-ईस्टर्न रेंज में सबसे ज्यादा सख्ती: पूर्वी दिल्ली (Eastern Range) में गलत साइड गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सबसे ज्यादा एक्शन हुआ, जहाँ चालान में 189% का उछाल आया।
-अवैध पार्किंग और अतिक्रमण: सड़कों से अतिक्रमण हटाने के लिए 4,900 विशेष संयुक्त अभियान चलाए गए, जिसके परिणामस्वरूप अवैध रूप से गाड़ी खड़ी करने वालों के 3.9 लाख चालान काटे गए, जो पिछले आंकड़ों से 36.5% ज्यादा हैं।
LG तरनजीत सिंह संधू ने साफ तौर पर निर्देश दिए हैं कि टू-व्हीलर पर बिना हेलमेट गाड़ी चलाने वालों और ट्रिपल राइडिंग (तीन सवारी) करने वालों के खिलाफ भी बिल्कुल ढिलाई न बरती जाए।
इन 4 जगहों पर बढ़ा सिरदर्द, कुछ नए हॉटस्पॉट भी चिह्नित
सड़क निर्माण कार्यों और अन्य स्थानीय कारकों की वजह से 4 प्रमुख स्थानों पर जाम की स्थिति पहले से थोड़ी बिगड़ी है:
-नारायणा फ्लाईओवर: जाम में 1.2ष्% की बढ़ोतरी।
-साउथ एक्सटेंशन पार्ट-1: जाम में 7.55% की वृद्धि।
-मैक्स अस्पताल (साकेत): जाम में 14.93% की बढ़ोतरी।
-भवभूति मार्ग: यहाँ निर्माण कार्यों की वजह से जाम 349.87% तक बढ़ गया।
इसके अलावा प्रशासन ने द्वारका मोड़, सराय काले खां, मुकरबा चौक और डाबड़ी गोल चक्कर को भी लगातार जाम लगने वाले क्षेत्रों के रूप में चिह्नित किया है, जहां तुरंत बुनियादी ढांचे (इंजीनियरिंग सुधारों) को बदलने की आवश्यकता है।
दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प
बैठक के दौरान उपराज्यपाल संधू ने कहा कि ट्रैफिक जाम से न केवल लोगों का कीमती समय और ईंधन बर्बाद होता है, बल्कि शहर में प्रदूषण का स्तर भी खतरनाक रूप से बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए एमसीडी (MCD), पीडब्ल्यूडी (PWD), डीएमआरसी (DMRC), एनएचएआई (NHAI) और एनडीएमसी (NDMC) जैसी सभी नगर निकाय एजेंसियों को एक साथ मिलकर नियमित समन्वय बैठकें करने और सड़कों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखने के आदेश दिए गए हैं।
