Delhi Traffic Advisory: मध्य दिल्ली के व्यस्त इलाकों में आज पैर रखने की भी जगह मिलना मुश्किल हो सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को आगाह किया है कि 4 अप्रैल को IPL मैच और एक विशाल शिक्षक रैली के चलते राजधानी के दिल में यातायात की रफ्तार थम सकती है। इन दो बड़े आयोजनों के एक साथ होने से सेंट्रल दिल्ली और उसके आसपास के रास्तों पर गाड़ियों का भारी दबाव देखा जा रहा है।
आज IPL मैच और रैली के कारण कई रास्ते बंद
शिक्षक रैली और IPL का 'डबल' लोड
आज रामलीला मैदान में 'टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया' की ओर से एक बड़ी रैली का आयोजन किया जा रहा है। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाली इस रैली में शामिल होने के लिए हजारों शिक्षक सुबह 8 बजे से ही जुटना शुरू हो गए हैं। दूसरी ओर, दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच IPL 2026 का हाई-वोल्टेज मुकाबला होना है। इन दोनों आयोजनों के कारण दोपहर से ही वाहनों की आवाजाही कई गुना बढ़ने की संभावना है।
इन रास्तों पर रहेगा भारी जाम और डाइवर्जन (Traffic Diversion Today Delhi)
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, जेएलएन मार्ग, बहादुर शाह जफर (BSZ) मार्ग, आसफ अली रोड, चमन लाल मार्ग, अजमेरी गेट और मिंटो रोड पर सबसे ज्यादा असर पड़ेगा। स्थिति को देखते हुए पुलिस इन रास्तों पर डाइवर्जन लागू कर सकती है। भारी और व्यावसायिक वाहनों के लिए दरियागंज से दिल्ली गेट चौक, दिल्ली गेट से गुरु नानक चौक और आईटीओ से दिल्ली गेट (वाया BSZ मार्ग) तक का रास्ता पूरी तरह बंद या प्रतिबंधित किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर कमला मार्केट गोलचक्कर और दिल्ली गेट पर भी यातायात को रोका जा सकता है।
पार्किंग को लेकर सख्त हिदायत और 'नो-पार्किंग' जोन
आयोजन स्थलों के आसपास पार्किंग को लेकर पुलिस काफी सख्त है। जेएलएन मार्ग, आसफ अली रोड और चमन लाल मार्ग के दोनों ओर किसी भी वाहन को खड़ा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियम तोड़ने वाले वाहनों को तुरंत क्रेन से उठा लिया जाएगा। रैली में शामिल होने वाले लोगों को माता सुंदरी कॉलेज में पार्किंग की सलाह दी गई है, जबकि बसों को राजघाट पर खड़ा किया जाएगा। आईपीएल मैच के दर्शकों के लिए माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड पर पार्किंग के साथ 'पार्क-एंड-राइड' की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
मेट्रो का इस्तेमाल करें, जाम से बचें
ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता और विशेष रूप से क्रिकेट प्रेमियों को सलाह दी है कि वे सड़क मार्ग के बजाय दिल्ली मेट्रो का अधिक से अधिक उपयोग करें। इससे न केवल वे समय पर स्टेडियम पहुँच पाएंगे, बल्कि उन्हें पार्किंग की समस्या का भी सामना नहीं करना पड़ेगा। यात्रियों को यह भी सुझाव दिया गया है कि वे इन प्रभावित रास्तों के बजाय वैकल्पिक मार्गों का चयन करें और अपनी यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें।
