Delhi Traffic Advisory: नई दिल्ली में आज 6 अक्टूबर को विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, सुबह 8 बजे से कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक को नियंत्रित और डायवर्ट किया जाएगा। ऐसे में इन इलाकों से गुजरने वाले लोगों को घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाने और प्रभावित रास्तों पर अनावश्यक जाने से बचने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में आज ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव (सांकेतिक फोटो)
इन रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट होगा
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, मंगलवार को कनॉट प्लेस से पटेल चौक और पार्लियामेंट स्ट्रीट की ओर, पटेल चौक से GPO की ओर और विंडसर प्लेस से GPO की ओर जाने वाले रास्तों पर ट्रैफिक नियंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा अशोका रोड, जंतर-मंतर रोड और आसपास के इलाकों में भी ट्रैफिक डायवर्जन और विशेष व्यवस्था रहेगी। पार्लियामेंट स्ट्रीट और उससे जुड़े मार्गों पर भी ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है।
घर से निकलने से पहले रखें ध्यान
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि प्रभावित मार्गों पर बैरिकेडिंग और डायवर्जन के कारण जाम की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है। पुलिस ने कहा है कि जहां संभव हो, लोग मेट्रो या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। वाहन चालकों को ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों पालन करने को कहा गया है।
प्रतिबंधित इलाकों में पार्किंग से बचें
पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था वाले इलाकों के आसपास वाहन रोकने या पार्क करने से बचने को कहा है। साथ ही आपातकालीन वाहनों और जरूरी ट्रैफिक को रास्ता देने की अपील की गई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को ट्रैफिक से जुड़े ताजा अपडेट के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों के माध्यम से जानकारी लेने की सलाह दी गई है। इसके अलावा ट्रैफिक से जुड़ी किसी भी जानकारी, सहायता या समस्या के लिए लोग दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सऐप नंबर 8750871493 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 1095 और 011-25844444 पर भी जारी किया गया है।
