दिल्ली जल बोर्ड कथित घोटाला मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सत्येंद्र जैन और 4 अन्य आरोपियों की न्यायिक हिरासत पर आदेश सुरक्षित रखा है। सत्येंद्र जैन और अन्य को दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के अपग्रेडेशन टेंडर प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार और आपराधिक साजिश के मामले में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद मंगलवार देर रात उन्हें मेडिकल टेस्ट के लिए अरुणा आसफ अली अस्पताल ले जाया गया था। दिल्ली की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने इस मामले में सत्येंद्र जैन समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
सत्येंद्र जैन (File image)
पांच लोगों की 14 दिनों की न्यायिक हिरासत की मांग की थी
गिरफ्तारी के बाद उन्हें राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया था। जहां भ्रष्टाचार विरोधी शाखा (एसीबी) ने दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन, दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व सीईओ उदित प्रकाश राय और तीन अन्य लोगों की 14 दिनों की न्यायिक हिरासत की मांग की थी। सुनवाई के दौरान विशेष न्यायाधीश दिग विनय सिंह के सामने एसीबी ने कुल छह आरोपियों में से केवल एक, अंकित श्रीवास्तव, जो डीजेबी के पूर्व संविदा सलाहकार थे, की पुलिस हिरासत की मांग की थी।
वहीं, सत्येंद्र जैन के वकील ने कहा कि एफआईआर दर्ज होने के बाद उनके मुवक्किल को एक बार 5 अगस्त, 2026 को बुलाया गया था और फिर दूसरी बार मंगलवार को फोन के माध्यम से बुलाया गया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। सुनवाई के दौरान वकील ने दावा किया कि गिरफ्तारी को उचित ठहराने के लिए कोई सबूत नहीं है। उन्होंने कहा कि सत्येंद्र जैन की ओर से जमानत याचिका भी दायर की जाएगी। वहीं, दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व सीईओ उदित प्रकाश राय के वकील ने भी अपने मुवक्किल की गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए कहा कि वह वर्तमान में मिजोरम सरकार में सचिव के पद पर तैनात हैं।
बता दें कि यह मामला मई 2024 में सतर्कता निदेशालय की शिकायत पर दर्ज किया गया था, इसमें दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों के संवर्धन और उन्नयन से संबंधित निविदा प्रक्रिया में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर अनियमितताओं, निविदा शर्तों में हेरफेर और आपराधिक साजिश का आरोप लगाया गया था।
AAP ने लगाया जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप
वहीं, AAP सांसद संजय सिंह ने बीजेपी सरकार पर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए जांच एजेंसियों के इस्तेमाल का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "काम करने वाली सरकार को रोकना, परेशान करना और हर संभव दबाव बनाना ही भाजपा की नीति रही है। दिल्ली चुनावों से पहले भी अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और मुझे गिरफ्तार किया गया था। इनका एकमात्र मकसद चुनाव में बाधा डालना और किसी भी तरह जीत से हासिल करना था।"
