दिल्ली : युवाओं के नेतृत्व वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शनिवार रात तक दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। हालांकि, पुलिस ने निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद धरना स्थल खाली करने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद अभिजीत दीपके की मौजूदगी में प्रदर्शनकारी रातभर डटे रहने की बात कर रहे हैं। दीपके ने स्पष्ट तौर पर कहा कि जबतक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं होगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
CJP का जंतर मंतर पर रातभर धरने का प्लान
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने तीसरी बार लाउडस्पीकर के जरिए चेतावनी जारी करते हुए प्रदर्शन समाप्त कर निर्धारित स्थल खाली करने को कहा है। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी हटने को तैयार नहीं हैं। पुलिस ने प्रदर्शन को अवैध करार देते हुए एक्शन लेने की बात कही है। कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से शाम 5 बजे तक धरने की अनुमति थी। लिहाजा शांतिपूर्वक धरने को खत्म कर अपने स्थानों को लौट जाएं। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी डटे हुए हैं।
दिल्ली पुलिस पर लगे गंभीर आरोप
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने विरोध-प्रदर्शन वाली जगह की लाइटें बंद कर दी हैं, साथ ही पानी, खाने और वॉशरूम तक पहुंचने पर भी रोक लगा दी है। वे न सिर्फ़ बुनियादी अधिकारों से वंचित कर रहे हैं, बल्कि सुरक्षा के लिए गंभीर ख़तरा भी पैदा कर रहे हैं। शांतिपूर्ण ढंग से विरोध कर रहे छात्रों को ज़रूरी सुविधाओं से महरूम किया जा रहा है, और प्रदर्शन स्थल पर अंधेरा करने से ख़तरा बढ़ जाता है, खासकर महिला छात्रों के लिए। छात्रों को जवाब मिलने चाहिए, न कि उन्हें डराया-धमकाया जाना चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - दिल्ली में ताली-थाली बजाकर CJP का विरोध प्रदर्शन; अभिजीत दीपके बोले- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक नहीं छोड़ेंगे जंतर-मंतर
इस प्रदर्शन में कथित परीक्षा अनियमितताओं, बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं और सरकार से जवाबदेही की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र और पार्टी के समर्थक शामिल हुए हैं। प्रदर्शन स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है। इस दौरान छात्रों ने नारेबाजी की और पारदर्शी परीक्षाएं सुनिश्चित करने तथा अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा करने में सरकार के कथित तौर पर विफल रहने को लेकर पोस्टर लहराए।
कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके के आह्वान पर समर्थक थाली और चम्मच लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारी थाली और चम्मच बजाते रहे। प्रदर्शनकारियों ने ’’धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’’ के नारे भी लगाए और परीक्षा प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही की अपनी मांग दोहरा रहे हैं। दीपके ने कहा कि वे छात्रों के सामने आने वाली समस्याओं का समाधान चाहते हैं। हम यहां छात्रों की समस्याओं का समाधान करने आए हैं।
प्रदर्शन से पहले दीपके ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक खुला पत्र लिखकर छात्रों द्वारा उठाई गई चिंताओं को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की थी। हालांकि पत्र में जिम्मेदारी तय करने की बात कही गई थी, लेकिन कॉजपा परीक्षा संबंधी मुद्दों से निपटने के तरीके को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग करती रही है।
