Delhi News: दिल्ली पुलिस ने पंजाब, केरल और कर्नाटक में विभिन्न मंदिरों से चांदी की मूर्तियां एवं दान की वस्तुएं चुराने के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी की पहचान मोहित शर्मा उर्फ मामा’ के रूप में हुई है, जिसे पंजाब की एक अदालत ने मंदिर में चोरी के एक मामले में भगोड़ा घोषित किया था। उन्होंने कहा कि शर्मा पंजाब के अलावा केरल और कर्नाटक में दर्ज कई मामलों में वांछित था।
अलग-अलग राज्यों में मंदिरों से चांदी की मूर्तियां चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, शर्मा अक्सर अपना ठिकाना बदलकर अलग-अलग राज्यों में चला जाता था। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए स्थानीय लोगों से बहुत कम संपर्क करता था। अधिकारी ने कहा, "शर्मा ने कम सुरक्षा वाले मंदिरों, विशेष रूप से सूनसान क्षेत्रों में स्थित मंदिरों की रेकी करने और देर रात या तड़के चोरी करने का तरीका विकसित कर लिया था।" उन्होंने बताया कि आरोपी ने मंदिर परिसर में रखी चांदी की मूर्तियों, दान पेटियों, देवी-देवताओं के आभूषणों और अन्य कीमती वस्तुओं को मुख्य रूप से निशाना बनाया। उन्होंने बताया कि दिल्ली में शर्मा की गतिविधियों के बारे में सूचना मिलने के बाद अपराध शाखा के अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
ऐसे में मिली आरोपी को ट्रेनिंग
अधिकारी ने बताया, "रविवार को पटियाला हाउस अदालत के पास उस समय जाल बिछाया गया जब आरोपी कथित तौर पर अपने एक साथी से मिलने आया था। पुलिस टीम को देखते ही शर्मा ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसका पीछा किया और थोड़ी दूरी पर उसे काबू कर लिया।" पूछताछ के दौरान शर्मा ने पुलिस को बताया कि उसने नौवीं कक्षा तक पढ़ाई की है और पहले अपने गांव में एक डेरी में काम करता था, जहां वह कुलवंत सिंह नामक एक व्यक्ति के संपर्क में आया, जिसने उसे मंदिर में चोरी करने का कथित तौर पर प्रशिक्षण दिया था।
कई पुराने आपराधिक मामलों में शामिल रहा आरोपी
अधिकारी ने बताया, "शर्मा 2024 में पंजाब के एक मंदिर में चोरी को लेकर खन्ना थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था। वह केरल के कोझिकोड और एर्नाकुलम में दर्ज मामलों के अलावा कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में भी दर्ज एक मामले में कथित तौर पर शामिल है।" पुलिस रिकॉर्ड से यह भी पता चला कि शर्मा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली में दर्ज चोरी, लूट, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर अधिनियम सहित कई पुराने आपराधिक मामलों में कथित रूप से संलिप्त है।
