पहाड़ों के साथ ही उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में लगातार भारी बारिश का दौर जारी है। इस बीच हरियाणा में हथिनी कुंड बैराज से लगातार यमुना में पानी छोड़ा जा रहा है। इससे दल्ली में यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। इससे यमुना का पानी दिल्ली के रिहायशी इलाकों में भी घुस गया है।
दिल्ली में उफनाई यमुना नदी का पानी खेतों में घुसा, फसलें बर्बाद
इस बीच दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के मदनपुर खादर क्षेत्र स्थित कालिंदी कुंज घाट के नजदीक यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ने से किसानों की भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। हथिनी कुंड बैराज से लाखों क्यूशेक पानी लगातार यमुना में छोड़ा जा रहा है, जिससे यमुना किनारे बसे लोगों की मुश्किलें भी लगातार बढ़ती जा रही हैं।
यमुना नदी में आयी बाढ़ का पानी खेतों में घुसने लगा है, जिसके यमुना किनारे खेतों में होने वाली हरी सब्जियों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। यमुना किनारे खेती करने वाले किसान इससे मायूस और परेशान हैं। यमुना में आए उफान ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है।
साल 2023 में भी यही हालात बने थे। उस साल भी बाढ़ जैसे हालात में उनकी खड़ी फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई थी। इस साल पालक, पत्तागोभी, धनिया, चौलाई, मूली, भिंडी, करेला, लौकी और तोरई जैसी हरी सब्जियों की फसलें जलमग्न हैं। कई खेतों में तो खड़ी फसल पूरी तरह से बाढ़ के पानी में डूब गई है। कई किसान उनते खेतों में घुसे बाढ़ के पानी के बीच जाकर जल्दबाजी में अपनी फसल काटने को मजबूर हैं, ताकि नुकसान को कम किया जा सके।
यहां खेती करने वाले किसानों का कहना है कि उनकी जिंदगी पूरी तरह से इन फसलों पर निर्भर है। लेकिन यमुना में बार-बार बाढ़ आने उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। खेत और झुग्गियां भी पानी में डूबने लगी हैं, जिससे उन्हें रात को सिर छिपाने में भी समस्या हो रही है।
पुलिस और प्रशासन ने किसानों को सुरक्षित स्थान पर जाने के निर्देश दिए हैं। एक किसान ने कहा, 'पिछले साल भी सब बर्बाद हो गया था, इस बार फिर वही हाल हो गया। सरकार से मदद की उम्मीद है, वरना घर चलाना मुश्किल हो जाएगा।'
इधर दिल्ली में ओखला बैराज से लगातार पानी को छोड़ा जा रहा है, जिससे कालिंदी कुंज मदनपुर खादर जैसे इलाकों में खेती करने वाले किसानों को उम्मीद है कि जल्द यमुना का जलस्तर कम हो जाएगा और उन्हें कुछ राहत मिलेगी। मदनपुर खादर, जसोला और कालिंदी कुंज इलाके के सैकड़ों किसान बाढ़ के इस संकट से जूझ रहे हैं। अगर जल्द पानी नहीं उतरा तो फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो जाएंगी और किसानों को भारी आर्थिक झटका लगेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
