दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता; बदरपुर में मुठभेड़ के बाद मोस्ट वॉन्टेड डकैत गिरफ्तार; कई मामलों में था फरार

दिल्ली पुलिस ने बदरपुर इलाके में मुठभेड़ के बाद 23 वर्षीय वांछित अपराधी हिमांशु को गिरफ्तार किया है, जो हाल ही में हुई एक डकैती के मामले में फरार चल रहा था। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल आरोपी को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके पास से हथियार बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Delhi Police Encounter: दिल्ली पुलिस ने हाल ही में हुई एक डकैती के मामले में फरार चल रहे 23 वर्षीय अपराधी को बदरपुर क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की पहचान हिमांशु के रूप में हुई है, जो मुठभेड़ के दौरान दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि हिमांशु पुल प्रह्लादपुर थाने में दर्ज उस डकैती मामले का आरोपी था, जिसमें पिज्जा डिलीवरी करने वाले युवक से नकदी लूट ली गई थी। इस घटना में शामिल उसके साथी कौशल को 24 अक्टूबर को ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

Wanted Robber Arrested in Delhi After Police Encounter (Symbolic Photo: Canva)

वांटेड लुटेरा दिल्ली में पुलिस एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार (सिंबॉलिक फोटो: Canva)

जवाबी कार्रवाई हुआ घायल

पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और चार खोखे बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि एसटीएफ टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि हिमांशु शनिवार रात बदरपुर पार्क के पास एक और डकैती की योजना बनाने वाला है। सूचना के आधार पर आधी रात को पुलिस ने इलाके में जाल बिछाया। कुछ समय बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए से मेल खाता एक व्यक्ति पार्क की ओर बढ़ता दिखा। जब टीम ने उसे रुकने के लिए कहा, तो वह भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली हिमांशु के दाहिने पैर में लगी। इसके बाद उसे पकड़ लिया गया, उसका हथियार जब्त किया गया और उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल भेजा गया। फिलहाल बदरपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

End of Feed