दिल्ली (Delhi) में आतंकी हमले का खतरा हमेशा बना रहता है। कई बार देश की राजधानी दिल्ली आतंकी हमलों को झेल चुकी है। कई हमलों में दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है। शुक्रवार को ऐसे ही एक हमले की आशंका से दिल्ली पुलिस परेशान हो उठी।
दिल्ली पुलिस को आई आतंकी की कॉल (प्रतीकात्मक फोटो)
शकरपुर कंट्रोल रूम में शुक्रवार को जो कुछ हुआ उससे कुछ समय के लिए दिल्ली पुलिस के अधिकारी भी सकते में आ गए। शुक्रवार को कंट्रोल रूम में फोन आया। उधर से कहा गया कि वो एक आतंकवादी है और वो थाने में सरेंडर करना चाहता है। अगर पुलिस चाहे तो पकड़ने के बाद उसे फांसी पर लटका दे।
जिस पुलिस कर्मी ने यह फोन कॉल सुना, उसने तुरंत इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। आनन-फानन में कॉल करने वाले की तलाश शुरू हो गई। डर था कि अगर ज्यादा देर हुई तो कहीं आतंकी हाथ से न निकल जाए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फोन करने वाले के नंबर से उसके घर का पता खोज निकाला।
जैसे ही घर का पता चला, पुलिस की एक टीम उसके घर पर पहुंच गई। वहां जो उसे पता चला वो काफी चौंकाने वाला था। पुलिस को पता चल कि जिस शख्स ने फोन किया है वो मानसिक रूप से बीमार है। उसका काफी समय से इलाज चल रहा है, लेकिन सुधार नहीं है। इस जानकारी के बाद पुलिस टीम को राहत महसूस हुई और वो फोन कॉल करने वाले को छोड़कर वापस लौट आई। जिसके बाद इसकी जानकारी ऊपर के अधिकारियों को भी दी गई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
