दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सागरपुर इलाके में बदले की भावना से चोरी करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान संदीप (25), निवासी सागरपुर, के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी किए गए 15 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं।
क्या है मामला?
21 अगस्त को सागरपुर थाना क्षेत्र में ए.के. नामक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उनके पास से 15 हजार रुपये चोरी हो गए हैं। इस पर थाना सागरपुर में केस दर्ज किया गया।
मामले की जांच के लिए इंस्पेक्टर राम कुमार की देखरेख में एक टीम बनाई गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और इलाके में पूछताछ की। इसी दौरान आरोपी की पहचान संदीप के रूप में हुई।
25 अगस्त को पुलिस टीम ने उसे सागरपुर से दबोच लिया। पूछताछ में उसने चोरी की बात कबूल की और बताया कि यह चोरी उसने पैसों के लिए नहीं बल्कि बदला लेने के लिए की थी।
क्यों लिया बदला?
संदीप ने पुलिस को बताया कि शिकायतकर्ता की गायें अक्सर उसके घर के सामने गंदगी कर देती थीं। कई बार विरोध करने पर भी कोई ध्यान नहीं दिया गया, बल्कि उसे लोगों के सामने गालियां तक दी गईं। इससे आहत होकर उसने शिकायतकर्ता की दुकान से पैसे चोरी कर लिए।
संदीप 5वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ चुका है और ई-रिक्शा चलाकर गुजारा करता है। उसने साफ कहा कि चोरी का मकसद लालच नहीं बल्कि व्यक्तिगत रंजिश थी।
पुलिस ने बरामद किया:
चोरी का पूरा 15,000 रुपये कैश।
फिलहाल पुलिस आगे की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
