Elevated Corridor Over Pushta Road: दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके सोनिया विहार में पुश्ता रोड पर 5.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस परियोजना का उद्देश्य भारी ट्रैफिक और उसकी वजह से लगने वाले जाम से निजात दिलाना है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इसकी फिजिबिलिटी स्टडी कराने के लिए टेंडर जारी किए हैं। फिलहाल यह जमीन सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के अंतर्गत आती है।
पुश्ता रोड पर जाम की समस्या होगी खत्म (प्रतीकात्मक तस्वीर)
कहां तक बनेगा यह कॉरिडोर?
यह एलिवेटेड कॉरिडोर नानकसर गुरुद्वारा टी-पॉइंट से शुरू होकर दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा तक जाएगा। यह क्षेत्र दिनभर ट्रैफिक के दबाव में रहता है, जिससे स्थानीय लोग लंबे समय से परेशान हैं। अप्रैल में PWD मंत्री परवेश वर्मा ने स्थल का निरीक्षण किया और लगभग ₹500 करोड़ की लागत वाली इस परियोजना को स्वीकृति दी।
टेंडर डॉक्यूमेंट में शामिल हैं ये चीजें
अधिकारियों के अनुसार प्रस्तावित रास्ते के बीच के हिस्से में पर्याप्त जगह है, जिससे निर्माण कार्य में ज्यादा बाधा नहीं आएगी। करीब छह किलोमीटर क्षेत्र में राइट-ऑफ-वे की स्टडी की जाएगी, जिसमें नानकसर टी-जंक्शन भी शामिल है, जहां से छह सड़कें पुश्ता रोड से जुड़ती हैं। टेंडर में यह बात भी कही गई है कि सड़क के दोनों ओर पहले से मौजूद पेड़ों और दिल्ली जल बोर्ड की पाइपलाइन को भी स्टडी में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा, सोनिया विहार जल उपचार संयंत्र भी प्रस्तावित मार्ग के पास स्थित है।
यातायात का रखा जाएगा ध्यान
PWD अधिकारियों का कहना है कि पुश्ता रोड का शहर की तरफ बढ़ना संभव नहीं है, इसलिए एलिवेटेड रोड बनाना ही एकमात्र विकल्प है। फ्लाईओवर के खंभे मौजूदा सड़क के किनारों पर लगाए जाएंगे ताकि जमीनी यातायात में रुकावट न आए। यह परियोजना स्थानीय विधायक कपिल मिश्रा के आग्रह पर शुरू की गई है, जिसे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मंजूरी मिली है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करने के साथ-साथ यह कॉरिडोर सोनिया विहार के निवासियों को बड़ी राहत देगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
